Indian-origin woman raped: ब्रिटेन पुलिस ने उत्तरी इंग्लैंड में 20 वर्षीय एक महिला से उसकी पहचान के कारण बलात्कार की घटना के बाद एक श्वेत संदिग्ध का पता लगाने के लिए अपील जारी की है। ऐसा माना जा रहा है कि महिला भारतीय मूल की है।
'नस्लीय हमला'
वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस के अनुसार उसे शनिवार शाम वॉलसॉल के पार्क हॉल क्षेत्र में सड़क पर एक महिला के संकट में होने की सूचना मिली। पुलिस ने संदिग्ध की सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए बताया कि इस अपराध को 'नस्लीय हमला' माना जा रहा है।
मामले की जांच का नेतृत्व कर रहे 'डिटेक्टिव सुपरिंटेंडेंट' (DS) रोनन टायरर ने कहा, 'यह युवती पर एक बेहद भयावह हमला था। हम अपराधी को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हमारी टीम साक्ष्य एकत्र कर रही हैं और आरोपी की पहचान करने पर काम कर रही हैं ताकि उसे जल्द हिरासत में लिया जा सके।'
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी ने उस समय इलाके में किसी संदिग्ध व्यक्ति को देखा हो या उसके पास कोई सीसीटीवी फुटेज हो, तो वह जानकारी साझा करे।
पंजाबी मूल की महिला
पुलिस के अनुसार, हमलावर की उम्र लगभग 30 वर्ष है, वह श्वेत पुरुष है, छोटे बाल रखता है और हमले के वक्त काले कपड़ों में था। स्थानीय समुदायों का कहना है कि पीड़िता पंजाबी मूल की महिला है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब कुछ सप्ताह पहले पास के ओल्डबरी क्षेत्र में भी इस तरह एक ब्रिटिश सिख महिला से भी उसकी पहचान के कारण बलात्कार किए जाने की घटना सामने आयी थी।
आरोपी घर का दरवाजा तोड़कर अंदर गया
डीएस टायरर ने कहा कि फिलहाल दोनों मामलों को आपस में जोड़ा नहीं गया है। वॉलसॉल पुलिस के 'चीफ सुपरिंटेंडेंट' फिल डॉल्बी ने कहा कि समुदाय में भय और चिंता की भावना है इसलिए इलाके में पुलिस की उपस्थिति बढ़ाई जाएगी। 'सिख फेडरेशन यूके' ने बताया कि वॉलसॉल की पीड़िता पंजाबी महिला है और आरोपी ने उसके घर का दरवाजा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
