दुनिया

India China Border Issue: 'समझौतों का सख्ती से पालन किया', LAC पर गश्त को लेकर चीन ने क्या-क्या कहा?

India China Border Issue: भारत-चीन सीमा विवाद पर बीजिंग ने कहा है कि वह दोनों देशों के बीच हुए समझौतों का पालन कर रहा है। चीन ने सीमावर्ती इलाकों में नियमित गश्त की बात कही, वहीं भारत ने चीनी सैनिकों के तय गश्त के तरीकों से भटकने का मुद्दा उठाया। अरुणाचल प्रदेश में LAC पर सैनिकों के आमने-सामने आने के बीच दोनों देश शांति बनाए रखने पर जोर दे रहे हैं।

Image

भारत-चीन सीमा विवाद पर चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने प्रतिक्रिया दी है। PTI

Photo : PTI

India China Border Issue: भारत के साथ सीमा विवाद को लेकर चीन ने अपनी प्रतिक्रिया साझा की है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सोमवार को कहा कि चीन ने दोनों देशों के बीच हुए समझौतों और महत्वपूर्ण सहमतियों का हमेशा सख्ती से पालन किया है। उन्होंने बताया कि चीन अपनी क्षेत्रीय संप्रभुता और सीमा पर स्थिरता बनाए रखने के लिए सीमावर्ती इलाकों में नियमित गश्त और प्रबंधन का काम करता है।

बता दें कि सीमा विवाद पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि ऐसी घटनाएं तब होती हैं, जब चीनी सैनिक "तय गश्त के तरीकों से भटक जाते हैं।" उन्होंने आगे कहा कि दोनों पक्ष सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए कुछ खास इलाकों में 'लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल' (LAC) को लेकर आपसी समझ बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए भी सहमत हुए हैं।

गुओ ने कहा कि चीन और भारत राजनयिक और सैन्य माध्यमों से एक-दूसरे के संपर्क में हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत भी इसी दिशा में काम करेगा, ताकि दोनों पक्षों के बीच बनी सहमतियों को लागू किया जा सके और सीमावर्ती इलाकों में शांति व स्थिरता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।

क्या है भारत-चीन सीमा विवाद?

आईटीबीपी के महानिदेशक (DG) शत्रुजीत कपूर ने गुरुवार को सार्वजनिक रूप से कहा कि हाल ही में अरुणाचल प्रदेश में LAC के कुछ खास बिंदुओं पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच आमना-सामना हुआ है जो अभी भी जारी है।

उन्होंने बताया कि एलएसी पर तैनात उनके बल के 'शौर्य' कमांडो ने इन स्थितियों से निपटने में 'बेहतरीन काम' किया है। आईटीबीपी (ITBP) प्रमुख ने कहा कि भारत अपने ड्रोन और एंटी-ड्रोन क्षमताओं को बढ़ाने पर ध्यान दे रहा है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article