UAE Attack: भारत ने संयुक्त अरब अमीरात के बंदरगाह शहर फुजैराह पर हमले और उसमें तीन भारतीय नागरिकों के घायल होने की घटना को मंगलवार को अस्वीकार्य करार दिया और निर्दोष नागरिकों व नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की इस शत्रुतापूर्ण कार्रवाई को तत्काल रोकने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की हम कड़ी निंदा करते हैं, जिनमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों और बुनियादी ढांचा को निशाना बनाना अस्वीकार्य है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत यूएई के साथ पूरी दृढ़ता से, एकजुटता से खड़ा है और सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन दोहराता है।
भारत की यह प्रतिक्रिया उस घटना के एक दिन बाद आई है जिसमें फुजैराह के एक प्रमुख तेल उद्योग क्षेत्र में ड्रोन हमले के कारण आग लग गई थी। इस घटना में तीन भारतीय घायल हो गए थे। संयुक्त अरब अमीरात ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है।
फुजैराह पर हमला अस्वीकार्य
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'फुजैराह पर हुआ हमला अस्वीकार्य है जिसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।' उन्होंने कहा, 'हम नागरिक बुनियादी ढांचे व निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने की इन शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों को तत्काल रोकने का आह्वान करते हैं।'
जायसवाल ने कहा कि भारत पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थन करता है। उन्होंने कहा, 'हम आह्वान करते हैं कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही और व्यापार बिना किसी रुकावट के जारी रहे। भारत मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के सभी प्रयासों का समर्थन करने के लिए तैयार है।'
ड्रोन हमले से यूएई के फुजैराह में आग लगी, तीन भारतीय घायल
ड्रोन हमले के बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज जोन (एफओआईजेड) में आग लग जाने पर सोमवार को तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। संयुक्त अरब अमीरात स्थित भारतीय दूतावास ने X पर एक पोस्ट में पुष्टि की कि फुजैराह में हुए हमलों में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। दूतावास ने कहा, 'हम प्रभावित भारतीय नागरिकों की उचित चिकित्सकीय देखभाल और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।'
