G7 Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ बैठक के बाद कहा कि भारत "हमेशा" शांति के पक्ष में रहेगा और मानवता के मूल्यों को सर्वोपरि रखेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांसीसी शहर एवियॉन में जी7 शिखर सम्मेलन के इतर राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की।
PM मोदी ने जेलेंस्की से की मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "एवियॉन में राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात की। हाल के दिनों में भारत और यूक्रेन के बीच व्यापक स्तर पर बातचीत हुई है। यह हमारे सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है।"
PM मोदी और जेलेंस्की के बीच क्या हुई बात?
पीएम मोदी ने कहा, "आज हमारी बातचीत हमारे सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करने को लेकर थी। हम दोनों इस बात पर सहमत हैं कि व्यापारिक संबंधों को युद्ध-पूर्व के समय की तरह बहाल करने की आवश्यकता है। साथ ही इस बात को दोहराया कि भारत हमेशा शांति के पक्ष में रहेगा और मानवता के मूल्यों को सर्वोपरि रखेगा।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'भारत पश्चिम एशिया सहित हर मुद्दे पर निभाता है अहम भूमिका', PM मोदी संग बातचीत में बोले डोनाल्ड ट्रंप
भारत लगातार संवाद और कूटनीति के माध्यम से रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने की वकालत करता रहा है। बैठक के बाद ज़ेलेंस्की ने कहा कि भारत और यूक्रेन के बीच "सहयोग की बहुत संभावनाएं" हैं और वे पहले से ही संयुक्त परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं।
जेलेंस्की ने कहा, ''पीएम मोदी भारत और यूक्रेन के बीच पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंधों को आगे बढ़ाने में रुचि रखते हैं। हमने औद्योगिक और अन्य क्षेत्रों में कई संभावित परियोजनाओं पर चर्चा की है। दोनों देशों की टीमें अब इन योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक विवरणों पर काम करेंगी।"
सनद रहे कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच पिछली सीधी बातचीत अगस्त 2025 में फोन पर हुई थी। उस समय भी दोनों नेताओं ने रूस-यूक्रेन युद्ध और शांति प्रयासों पर चर्चा की थी।
