Pakistan News: पाकिस्तान में एक बार फिर मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई है। यहां के खैबर पख्तूनख्वा में ईशनिंदा के आरोप में एक व्यक्ति को पीट-पीटकर मौत के घाट उतारने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, मर्दन इलाके में इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की एक रैली के दौरान ईशनिंदा का आरोप लगाने के बाद हिंसक भीड़ ने एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कई लोग एक शख्स को बुरी तरह पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। मृतक की पहचान मौलाना निगार आलम के रूप में हुई है। द फ्राइडे टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की एक रैली के दौरान मौलाना निगार ने कहा कि वह इमरान खान का एक पैगंबर की तरह सम्मान करते हैं, क्योंकि वह एक ईमानदार व्यक्ति हैं।
बयान के बाद भड़की भीड़
मौलाना की ओर से दिए गए बयान के बाद भीड़ भड़क गई, इसके बाद लोगों ने व्यक्ति को घेर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। यह सबकुछ जिस समय हुआ, पुलिस मौके पर ही मौजूद थी। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि घटना से पहले, देवबंदी विचारधारा के कुछ मौलवियों ने मांग की थी कि पीड़ित के खिलाफ ईशनिंदा के आरोप में मामला दर्ज किया जाए।कानून में बदलाव के खिलाफ कई राजनीतिक दल
पाकिस्तान की सरकार लंबे समय से देश के ईशनिंदा कानूनों को बदलने के लिए दबाव में रही है, हालांकि देश के अन्य राजनीतिक दल इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं। इससे पहले फरवरी में, ननकाना साहिब में ईशनिंदा के आरोपी एक व्यक्ति को भीड़ ने जबरदस्ती थाने से बाहर ले जाकर मौत के घाट उतार दिया था।
इस घटना की रिपोर्ट वारबर्टन क्षेत्र में की गई थी, जहां आरोपी, एक मुस्लिम पुरुष को अपनी पूर्व पत्नी की तस्वीरों का उपयोग करने के लिए ईशनिंदा और जादू-टोना करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। उस व्यक्ति पर पवित्र कुरान के पन्नों को आग लगाने का भी आरोप लगाया गया था।
