दुनिया

इजरायल जा रहे विमान के हाईजैक होने की आशंका से हड़कंप, फिर आई कॉकपिट में पायलटों के बीच हिंसक झड़प की खबर, आखिर क्या है सच?

टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, दुबई-तेल अवीव उड़ान से 'आपातकालीन 7700 स्क्वॉक सिग्नल' मिलने के बाद इजरायली सैन्य जेट तुरंत हरकत में आ गए थे। लेकिन मामला कुछ और ही निकला...

Image

इजरायली विमान सुरक्षित सऊदी अरब में उतरा (फाइल फोटो)

Dubai-Tel Aviv plane: दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान के हाईजैक की आशंका को लेकर भारी हड़कंप मच गया। कॉकपिट से हाईजैक का सिग्नल मिलने के बाद इजरायल ने आपातकालीन बैठक बुलाकर लड़ाकू जेट तैनात कर दिए। इन्हीं आशंकाओं के बीच विमान सऊदी अरब में सुरक्षित रूप से लैंड हो गया जिसके बाद खौफजदा यात्रियों की जान में जान आई। शुरुआत में इस विमान के हाईजैक की खबरों ने हड़कंप मचा दिया था और इजरायली फोर्स एक्टिव हो गई थी। बाद में साफ हुआ कि कॉकपिट में पायलटों के बीच हिंसक झड़प हो गई जिससे सिग्नल एक्टिवेट हुआ और आशंका जताई गई कि विमान हाईजैक हुआ है। हालांकि, बाद में खबर आई कि मामला पायलटों के आपसी झगड़े का था और विमान को कोई खतरा नहीं है। इस विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित रूप से उतारा गया। बहरहाल, पूरा मामला शक के दायरे में है और सच क्या है, इसका खुलासा होना बाकी है।

इजराइली वायु सेना का तुरंत एक्शन

दुबईएयर विमान से आपातकालीन सिग्नल मिलने के बाद इजराइली वायु सेना (IAF) ने तुरंत एक्शन लेते हुए अपने फाइटर जेट्स को रवाना कर दिया था। दुबई से उड़ान भरने वाले विमान में सुरक्षा कारणों से संदिग्ध अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अलर्ट जारी होते ही इजराइली वायु सेना ने त्वरित कार्रवाई की और विमान को एस्कॉर्ट व सुरक्षित लैंडिंग कराने के लिए फाइटर जेट्स हवा में तैनात कर दिए थे।इस घटना के तुरंत बाद इजराइल के बेन गुरियन हवाई अड्डे और आसपास के हवाई क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई।

'आपातकालीन 7700 स्क्वॉक सिग्नल' मिला

टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, दुबई-तेल अवीव उड़ान से 'आपातकालीन 7700 स्क्वॉक सिग्नल' मिलने के बाद इजरायली सैन्य जेट तुरंत हरकत में आ गए थे। इजरायली समाचार एजेंसी ने उड़ान डेटा का हवाला देते हुए बताया कि तेल अवीव जा रहे फ्लाइट के सऊदी अरब के ऊपर से लौटते समय आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी। टाइम्स ऑफ इजरायल ने सुरक्षा सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि इजरायली वायु सेना के लड़ाकू विमानों को तुरंत भेजा गया।

विमान में 27 बच्चों सहित कुल 174 यात्री सवार थे

स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में 27 बच्चों सहित कुल 174 यात्री सवार थे। आपातकालीन लैंडिंग के कारण मचे हंगामे के बाद, हिब्रू मीडिया आउटलेट Ynet ने बताया कि एयरलाइन ने पुष्टि की है कि अपहरण का संकेत दो पायलटों के बीच हुई कहासुनी के कारण मिला था। यह घटना तब घटी जब विमान ने इजराइल की ओर उड़ान भरते समय संभावित गलत हस्तक्षेप का संकेत देने वाला एक कोड संक्षिप्त रूप से प्रसारित किया।

लड़ाकू विमानों को तैनात किया था

टाइम्स ऑफ इजराइल के अनुसार, इस कोड को ध्यान में रखते हुए, इजराइली अधिकारियों ने लड़ाकू विमानों को तैनात किया और एक आपातकालीन बैठक बुलाई। Ynet के अनुसार, नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने भी एक तत्काल सुरक्षा परामर्श बैठक बुलाई, इजराइल पुलिस ऑपरेशन डिवीजन ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ एक संयुक्त कमांड सेंटर स्थापित करने का आदेश दिया। पुलिस आयुक्त डैनी लेवी ने भी स्थिति का आकलन किया और पत्रकारों को बताया कि वे हर स्थिति के लिए तैयार हैं। हालांकि, बाद में यह पता चला कि दो पायलटों के बीच हुई हाथापाई के कारण यह घटना एक झूठी चेतावनी थी।

क्या वाकई हाईजैक करने की हुई कोशिश?

वहीं, एक इजरायली सूत्र ने कहा कि विमान दुर्घटना के आतंकवादी कृत्य होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। यह संभव है कि पायलटों में से एक ने विमान को हाईजैक करने की कोशिश की हो और दूसरे ने उसे काबू कर लिया हो; इजरायल में, वे सऊदी अरब से जांच के निष्कर्षों का इंतजार कर रहे हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article