दुनिया

VIDEO: कैसे हिजबुल्लाह ने सुरंग में बना रखा था 'सीक्रेट महल?', IDF ने जारी किया सनसनीखेज वीडियो

इजरायली डिफेंस फोर्स ने दक्षिण लेबनान में हिजबुल्लाह के एक बड़े अंडरग्राउंड सुरंग नेटवर्क का वीडियो जारी किया है। सेना का दावा है कि ये सुरंगें केवल छिपने के लिए नहीं, बल्कि इजरायल के खिलाफ हमलों के लिए ‘लॉन्चिंग पैड’ के रूप में तैयार की गई थीं। वीडियो में दिखा कि सुरंगें कंक्रीट से बनी हैं और इनमें बिजली, वेंटिलेशन और संचार जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। अंदर रहने के कमरे, बड़े हॉल और भारी मात्रा में हथियारों, जैसे रॉकेट और विस्फोटक का जखीरा भी पाया गया।

Image

आडीएफ ने हिजबुल्लाह के सुरंग का वीडियो किया शेयर। IDF

इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने मंगलवार को एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो जारी किया है। वीडियो में दक्षिण लेबनान की जमीन के नीचे छिपे हिजबुल्लाह के एक विशाल सुरंग नेटवर्क को दिखाया गया है। इजरायली सेना का दावा है कि ये सुरंगें केवल छिपने के ठिकाने नहीं हैं, बल्कि इन्हें इजरायल के खिलाफ बड़े हमलों को अंजाम देने के लिए एक 'लॉन्चिंग पैड' के रूप में तैयार किया गया था।

वीडियो में दिखाई देने वाला यह बुनियादी ढांचा इतना आधुनिक है कि इसके निर्माण में लगी मेहनत और निवेश को साफ तौर पर देखा जा सकता है।

आधुनिक सुविधाओं और हथियारों से लैस 'पाताल लोक'

आईडीएएफ द्वारा जारी किए गए एक्सक्लूसिव फुटेज से पता चलता है कि ये सुरंगें पूरी तरह से कंक्रीट से बनी हैं और इनमें बिजली, वेंटिलेशन (हवा की व्यवस्था) और संचार के आधुनिक साधन मौजूद हैं।

सुरंगों के भीतर रहने के लिए कमरे और बड़े हॉल बनाए गए हैं, जहाँ भारी मात्रा में विस्फोटक, लंबी दूरी के रॉकेट और अन्य अत्याधुनिक हथियारों का जखीरा जमा किया गया था। इसकी ऊंचाई और चौड़ाई इतनी अधिक है कि हिजबुल्लाह के लड़ाके वहां भारी सैन्य उपकरणों के साथ आसानी से आवाजाही कर सकते थे। यह नेटवर्क कई किलोमीटर तक फैला हो सकता है, जो इजरायली सीमा के बेहद करीब तक पहुंचता है।

नागरिकों की सुरक्षा और 'ह्यूमन शील्ड' पर गंभीर सवाल

इजरायली सेना ने इस खुलासे के साथ हिजबुल्लाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि ये सुरंगें जानबूझकर नागरिक बस्तियों, घरों और स्कूलों के नीचे बनाई गई हैं। IDF के अनुसार, हिजबुल्लाह जानबूझकर रिहायशी इलाकों को 'ह्यूमन शील्ड' (मानव ढाल) की तरह इस्तेमाल कर रहा है ताकि इजरायली हवाई हमलों से बचा जा सके।

इजरायल का कहना है कि उनके वर्तमान जमीनी अभियान का मुख्य उद्देश्य इन्हीं खतरनाक सुरंगों को जड़ से खत्म करना है, ताकि उत्तरी इजरायल में रहने वाले नागरिकों के लिए पैदा हो रहे सुरक्षा जोखिम को हमेशा के लिए समाप्त किया जा सके।

Piyush Kumar
पीयूष कुमार author

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घट... और देखें

End of Article