दुनिया

मंजिल से ढाई घंटे दूर था Air India का विमान, तभी अमेरिका में थम गईं उड़ानें; कैसे समय पर लैंड हुईं सभी 5 फ्लाइट्स?

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण हजारों उड़ानें प्रभावित हुईं। इस दौरान एयर इंडिया की पांच नॉनस्टॉप फ्लाइट्स हवा में थीं। इनमें दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को फ्लाइट अपने गंतव्य से महज ढाई घंटे दूर थी। राहत की बात रही कि सभी पांचों विमान सुरक्षित लैंड हुए।

Image

अमेरिका में ATC फेल होने के बावजूद Air India की सभी फ्लाइट्स समय पर लैंड।

Photo : iStock

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में आई तकनीकी खराबी ने शुक्रवार, 13 नवंबर को देशभर में हवाई यातायात को प्रभावित कर दिया। हालात ऐसे बने कि अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) को देशभर के एयरपोर्ट पर विमानों की उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी। इस दौरान एयर इंडिया की पांच नॉनस्टॉप फ्लाइट्स भी हवा में थीं।

इनमें दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही फ्लाइट अपने गंतव्य से महज ढाई घंटे की दूरी पर थी। हालांकि, राहत की बात रही कि एयर इंडिया की सभी पांचों फ्लाइट्स बिना किसी बड़ी बाधा के अपने निर्धारित समय पर लैंड कर गईं।

खास बात यह रही कि अमेरिकी एयरस्पेस में इतने बड़े स्तर पर तकनीकी संकट के बावजूद एयर इंडिया ने हालात पर लगातार नजर रखी और अपने विमानों का संचालन जारी रखा। दूसरी तरफ अमेरिका में हजारों उड़ानें रद्द हुईं और बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए।

हवा में थीं एयर इंडिया की 5 फ्लाइट

जब अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में गड़बड़ी सामने आई, उस समय एयर इंडिया की पांच नॉनस्टॉप फ्लाइट्स अमेरिका की ओर जा रही थीं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को (SFO) जा रही फ्लाइट की हुई।

बोइंग 777 विमान (VT-ALS) उस समय प्रशांत महासागर के ऊपर उड़ान भर रहा था और सैन फ्रांसिस्को पहुंचने में उसे करीब ढाई घंटे का समय और लगना था। इस विमान ने भारतीय समयानुसार 14 नवंबर की सुबह 5 बजे सैन फ्रांसिस्को में लैंडिंग की।

इसके अलावा चार अन्य फ्लाइट्स अटलांटिक महासागर के रास्ते न्यूयॉर्क की ओर जा रही थीं। इनमें दिल्ली और मुंबई से नेवार्क (EWR) और जॉन एफ कैनेडी (JFK) जाने वाली दो-दो उड़ानें शामिल थीं।

रात 2:24 बजे जारी हुआ था अलर्ट

अमेरिका के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम कमांड सेंटर (ATCSCC) ने 14 नवंबर को भारतीय समयानुसार रात 2 बजकर 24 मिनट पर एडवाइजरी जारी की। इसमें अमेरिकी एयरपोर्ट से विमानों की उड़ान रोकने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, पहले से हवा में मौजूद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर अलग व्यवस्था रखी गई थी।

एडवाइजरी में कहा गया था कि इनबाउंड इंटरनेशनल फ्लाइट्स को केस-टू-केस आधार पर मैनेज किया जाएगा। यानी विदेश से अमेरिका आ रहे विमानों को परिस्थितियों के हिसाब से लैंडिंग की अनुमति दी जा सकती थी।

इस अलर्ट के बाद एयर इंडिया के फ्लाइट ऑपरेशन विभाग ने तुरंत कंपनी के शीर्ष अधिकारियों को जानकारी दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा की। सैन फ्रांसिस्को जाने वाला विमान उस समय ओकलैंड एयर ट्रैफिक कंट्रोल के संपर्क में था। पायलटों को विमान डायवर्ट करने का निर्देश नहीं मिला, इसलिए फ्लाइट अपने गंतव्य की ओर बढ़ती रही।

पांच घंटे तक रहा संकट

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की खराबी करीब पांच घंटे तक बनी रही। इस दौरान एयर इंडिया की पांचों फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय पर लैंड कर गईं।

हालांकि, वापसी की उड़ानों पर इसका कुछ असर जरूर पड़ा। सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली आने वाली फ्लाइट को वहां एयर ट्रैफिक की भीड़ के कारण करीब 2 घंटे 40 मिनट की देरी हुई। वहीं, नेवार्क और जेएफके से भारत आने वाली बाकी चार उड़ानें समय पर संचालित हुईं। एयर इंडिया ने भी बताया कि अमेरिका आने-जाने वाली उसकी सभी उड़ानें बिना किसी बड़ी देरी के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित हुईं।

आखिर अमेरिका का एटीसी सिस्टम क्यों हुआ फेल?

अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में कम्युनिकेशन से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई थी। इसके कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में संचार और रडार से जुड़ी सेवाएं प्रभावित हुईं।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, पुराने सिस्टम को आधुनिक बनाने के लिए नई तकनीक लगाई जा रही थी। इसी प्रक्रिया के दौरान नए उपकरणों और पुराने सिस्टम के बीच तकनीकी समस्या पैदा हुई। अधिकारियों ने साइबर अटैक के संकेत मिलने से इनकार किया, हालांकि खराबी के सटीक कारणों की जांच जारी थी।

एफएए को सुरक्षा के मद्देनजर देशभर में ग्राउंड स्टॉप लागू करना पड़ा। इसका मतलब था कि विमानों को एयरपोर्ट से उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। पहले से हवा में मौजूद विमानों को सुरक्षित तरीके से उतारने की व्यवस्था की गई।

इस संकट के दौरान 3,000 से अधिक विमान सुरक्षित उतारे गए। शुक्रवार और शनिवार को हजारों उड़ानें रद्द हुईं और बड़ी संख्या में देरी का सामना करना पड़ा। FAA ने सिस्टम में सुधार के बाद रविवार तक हवाई सेवाएं सामान्य होने की उम्मीद जताई थी।

चार साल में दूसरी बार सामने आई ऐसी समस्या

अमेरिका के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में यह पहली बार नहीं है जब इतनी बड़ी तकनीकी परेशानी सामने आई हो। जनवरी 2023 में भी एफएए के NOTAM (Notice to Air Missions) सिस्टम में खराबी आई थी। उस समय पायलटों को उड़ान से जुड़ी जरूरी सूचनाएं देने वाली व्यवस्था प्रभावित हुई थी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article