Hezbollah-Saudi Arabia News: हिज्बुल्लाह के महासचिव नईम कासिम ने सऊदी अरब से लेबनानी सशस्त्र समूह के साथ संबंध बहाल करने का आग्रह किया। साथ ही इजरायल के खिलाफ एक संयुक्त मोर्चा बनाने की अपील भी की। यह अपील शुक्रवार को उस समय की गई जब इजरायल ने दक्षिणी लेबनान पर अपने हमले तेज कर दिए।
एक 'नया अध्याय' शुरू करने का आह्वान
कासिम ने रियाद से हिज्बुल्लाह के साथ एक 'नया अध्याय' शुरू करने का आह्वान किया, जो तीन सिद्धांतों पर आधारित हो: विवादों को सुलझाने और चिंताओं का समाधान करने के लिए बातचीत, इजरायल पर फोकस होना, और पिछले मतभेदों को खत्म करना।
उन्होंने जोर देकर कहा कि हिज्बुल्लाह के हथियार सिर्फ इजरायल पर लक्षित हैं। उन्होंने कहा, 'न लेबनान, न सऊदी अरब, और न ही दुनिया का कोई अन्य स्थान या पक्ष।'
कासिम ने चेतावनी दी कि हिज्बुल्लाह पर दबाव से इजरायल को ही फायदा होगा। उन्होंने कहा कि अगर प्रतिरोध को खत्म कर दिया गया, तो 'दूसरे देशों की बारी आएगी।'
सऊदी अरब और हिज्बुल्लाह का तनाव
सऊदी अरब और हिज्बुल्लाह के बीच तनाव वर्षों से चला आ रहा है, जिसकी जड़ रियाद और तेहरान (जो हिज्बुल्लाह का मुख्य समर्थक है) के बीच व्यापक प्रतिद्वंद्विता में है। 2016 में सऊदी अरब के नेतृत्व वाली खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) ने सीरिया में बशर अल-असद और यमन के हूतियों को समर्थन देने के कारण हिजबुल्लाह को एक 'आतंकवादी' समूह घोषित किया था।
अमेरिकी समर्थन से हो रहा अपराध
कासिम ने इजरायल को एक औपनिवेशिक इकाई बताया, जिसे 'पहले ब्रिटेन और अब संयुक्त राज्य अमेरिका का समर्थन प्राप्त है' और उस पर अत्याचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इजरायल 'बर्बरता की पराकाष्ठा' पर पहुंच गया है और 'अंतर्राष्ट्रीय कानून की अवहेलना' करते हुए अमेरिकी समर्थन से अपराध कर रहा है।
उन्होंने तर्क दिया कि 'नरम युद्ध, प्रतिबंध और अब्राहम समझौते' अमेरिका और इजरायल को निर्णायक जीत दिलाने में विफल रहे हैं। और इसलिए, उनके लिए नरसंहार ही समाधान बन गया।'
लेबनान पर हमला
इस बीच, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि शुक्रवार को दक्षिणी लेबनान पर इजरायली हमलों में दो लोग मारे गए और 11 अन्य घायल हो गए। एक हमला तेबनिन के एक सरकारी अस्पताल के पास एक कार को निशाना बनाकर किया गया, जबकि दूसरा अंसार में एक वाहन को निशाना बनाकर किया गया।
इजरायली सेना ने दावा किया कि उसने दक्षिण में हिज्बुल्लाह कमांडर अम्मार हायल कुतैबानी को मार गिराया, हालांकि कहां यह जानकारी नहीं दी।
बता दें कि युद्धविराम की शर्तों के बावजूद, इजरायल ने दक्षिणी लेबनान पर लगभग रोजाना हमले जारी रखे हैं। समझौते में हिज्बुल्लाह को लिटानी नदी के उत्तर में निरस्त्र होकर पीछे हटने के लिए कहा गया था, जबकि इजरायल से लेबनानी क्षेत्र से पूरी तरह से हटने को कहा था। हालांकि, इजरायल दक्षिण में कम से कम पांच ठिकानों पर कब्जा बनाए हुए है।
