Trump's Acting President of Venezuela: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सुर्खियों में बने रहने का कोई मौका नहीं छोड़ते। हाल ही में वेनेजुएला में ऑपरेशन कर अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें हथकड़ी लगाकर अमेरिका ले जाया गया। वेनेजुएला की देख-रेख और कच्चे तेल की खरीद-बिक्री की जिम्मेदारी भी अमेरिका ने अपने कंधों पर ले ली है।
इसी बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक तस्वीर पोस्ट की। एक पल देखने के बाद ऐसा लगता है कि मानो ये विकिपीडिया पेज की फोटो हो, जहां ट्रंप की प्रोफाइल पर 'एक्टिंग प्रेसिडेंट ऑफ वेनेजुएला' लिखा है। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। हालांकि, विकिपीडिया के आधिकारिक पेज पर ऐसा कुछ नहीं लिखा है।
‘ट्रुथ सोशल’ पर रविवार को साझा की गई तस्वीर ट्रंप की आधिकारिक ‘फोटो’ है और उसमें उनका पद ‘‘वेनेजुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति’’ और ‘‘जनवरी 2026 से वर्तमान राष्ट्रपति’’ लिखा गया है। इस तस्वीर में ट्रंप को अमेरिका का 45वां और 47वां राष्ट्रपति बताया गया है, जिन्होंने 20 जनवरी 2025 को पदभार ग्रहण किया था।

ट्रंप ने खुद को वेनेजुएला का कार्यकारी राष्ट्रपति किया घोषित।(फोटो सोर्स: truth social)
ट्रंप ने घोषित की नेशनल इमरजेंसी
बता दें कि ट्रंप ने वेनेजुएला के तेल की भविष्य की बिक्री और उससे होने वाली कमाई को कंट्रोल करने की दिशा में एक और कदम उठाया है। ट्रंप ने नेशनल इमरजेंसी घोषित की है और वेनेजुएला के तेल के रेवेन्यू पर दावों को रोकने के लिए एक निर्देश जारी किया है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप ने शनिवार को एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किए। व्हाइट हाउस की एक फैक्ट शीट के अनुसार, इस ऑर्डर का मकसद अमेरिकी ट्रेजरी अकाउंट्स में मौजूद वेनेजुएला के तेल रेवेन्यू को सुरक्षित रखना है।
‘सीधे अमेरिका से होगी बातचीत’
इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (9 जनवरी 2026) को व्हाइट हाउस में प्रमुख अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय तेल कंपनियों के सीईओके साथ एक हाई-प्रोफाइल बैठक की। ट्रंप ने तेल कंपनियों को वेनेजुएला में निवेश को लेकर पूर्ण सुरक्षा और संरक्षण का आश्वासन दिया।
इस बैठक में ट्रंप ने तेल उद्योग के प्रमुखों से वेनेजुएला में तेजी से वापसी करने और देश के विशाल तेल भंडारों को दोबारा पूरी क्षमता से दोहन करने के लिए 100 अरब डॉलर से अधिक का निवेश करने का आह्वान किया। ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला में काम करने वाली कंपनियां अब सीधे अमेरिका के साथ समन्वय में काम करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निवेशकों को सुरक्षा, स्थिरता और संरक्षण की गारंटी दी जाएगी।
वेनेजुएला में स्थिति वास्तव में अच्छी चल रही है: ट्रंप
वेनेजुएला की स्थिति पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "वेनेजुएला में स्थिति वास्तव में अच्छी चल रही है। हम उनके नेतृत्व के साथ बहुत अच्छे से काम कर रहे हैं, और हम देखेंगे कि आगे क्या होता है।"
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ अपनी मुलाकात के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "वह बहुत अच्छी थीं। उन्होंने हमसे पूछा कि क्या हम 50 मिलियन बैरल तेल ले सकते हैं, और मैंने कहा हां, हम ले सकते हैं, इसकी कीमत 4.2 बिलियन डॉलर है, और यह अभी संयुक्त राज्य अमेरिका के रास्ते में है।"
