Israel Hamas Conflict: फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में वीडियो संदेश के जरिए अपनी उपस्थिति हाजिर की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलिस्तीन सरकार में हमास की कोई भूमिका नहीं होगी। महमूद अब्बास ने कहा कि गाजा में शासन के दौरान हमास की कोई भूमिका नहीं होगी और उसे अपने हथियार सौंपने होंगे।
अमेरिका द्वारा वीज़ा रद्द किए जाने के बाद फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने वीडियो के जरिए विश्व नेताओं से कहा कि उनके लोग 2023 में इजराइल पर हमास के हमले को “अस्वीकार” करते हैं और युद्ध समाप्त होने के बाद चरमपंथी समूह की गाजा पर शासन करने में कोई भूमिका नहीं होगी और उसे अपने हथियार सौंपने होंगे।
अब्बास ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को बताया कि गाजा में फिलिस्तीनी लोग इज़रायल द्वारा "नरसंहार, विनाश, भुखमरी और विस्थापन का सामना कर रहे हैं।"
उनका यह भाषण ऐसे समय में आया है जब इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू शुक्रवार को न्यूयॉर्क में व्यक्तिगत रूप से अपना संबोधन देंगे। गाजा में हुई मौतों और विनाश का खौफनाक ब्योरा देने के बावजूद, अब्बास ने कहा कि फिलिस्तीनी प्राधिकारी सात अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा की गई कार्रवाई को "अस्वीकार" करता है और यह उनके लोगों का प्रतिनिधित्व नहीं करता है।
उन्होंने जंग खत्म होने के बाद क्षेत्रों में सरकार को लेकर नजरिया भी पेश किया और कहा कि फिलिस्तीनी प्राधिकरण "शासन और सुरक्षा के लिए पूरी जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार है।" अब्बास ने कहा, "हमास की शासन में कोई भूमिका नहीं होगी," और उसे फिलिस्तीनी अधिकारियों को अपने हथियार सौंपने होंगे। अब्बास ने कहा, "अगर फिलिस्तीन को आजाद नहीं किया गया तो इंसाफ नहीं हो सकता।"
छोटे मगर दमदार भाषण में, अब्बास ने गाजा युद्ध के दौरान फिलिस्तीनियों के लिए खड़े रहने वाले विश्व नेताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि फिलिस्तीनी राष्ट्र को हाल में मिली मान्यता से उनके लोगों की यह उम्मीद बढ़ी है कि संघर्ष का अंत होगा। उन्होंने फ्रांस, ब्रिटेन और कनाडा द्वारा फिलस्तीन को एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता देने की हालिया घोषणाओं का स्वागत किया और बाकी बचे कुछ देशों से भी ऐसा करने का आह्वान किया।
