Sensex Nifty Share Market Today : पिछले एक हफ्ते से लगातार दबाव झेल रहे भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को जोरदार वापसी की है। दिन के आखिर में Sensex 776 अंक और Nifty 228 अंक उछलकर बंद हुआ। सेंसेक्स 1.02% की बढ़त के साथ 76,835.78 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 0.96% चढ़कर 23,995.95 के स्तर पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेत, कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट, निवेशकों की घबराहट कम होना, कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजे और आईटी शेयरों में खरीदारी ने बाजार को मजबूत सहारा दिया। यही वजह रही कि पिछले कई कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद सोमवार को बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली।
कच्चे तेल में बड़ी गिरावट
सोमवार की तेजी के पीछे सबसे अहम वजह कच्चे तेल की कीमतों में आई बड़ी गिरावट रही। ब्रेंट क्रूड करीब 9.7% गिरकर 88.85 डॉलर प्रति बैरल तक आ गया। वहीं अमेरिकी क्रूड भी लगभग 8% टूटकर 83.33 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। यह गिरावट ऐसे समय आई है जब ईरान ने संकेत दिए कि अगर अमेरिका हमला नहीं करता है तो वह भी अपनी सैन्य कार्रवाई रोक देगा। इससे पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ी और तेल बाजार में राहत देखने को मिली।
India VIX में करीब 10% की गिरावट
बाजार में डर और अनिश्चितता का संकेत देने वाला India VIX सोमवार को करीब 10% गिरकर 12.66 पर आ गया। आमतौर पर VIX में गिरावट का मतलब होता है कि निवेशकों की घबराहट कम हो रही है और बाजार में जोखिम लेने का भरोसा बढ़ रहा है। पिछले सप्ताह भू-राजनीतिक तनाव के चलते बिकवाली का माहौल था, लेकिन सोमवार को निवेशकों का रुख सकारात्मक दिखा।
अच्छे तिमाही नतीजों से बढ़ा निवेशकों का भरोसा
बाजार को कंपनियों के पहली तिमाही के बेहतर नतीजों का भी सहारा मिला। Tata Consumer, NTPC, IDFC First Bank और AU Small Finance Bank जैसे शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। विश्लेषकों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में अन्य बड़ी कंपनियों के नतीजे भी मजबूत रहते हैं तो बाजार की तेजी को और मजबूती मिल सकती है।
आईटी शेयरों में लौटी खरीदारी
सोमवार के कारोबार में सबसे ज्यादा तेजी आईटी सेक्टर में देखने को मिली। निफ्टी आईटी इंडेक्स 2.34% चढ़कर बंद हुआ और यह दिन का सबसे मजबूत सेक्टोरल इंडेक्स रहा। इसके पीछे अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी बैठक को लेकर उम्मीदें हैं। बाजार को फिलहाल उम्मीद है कि फेड इस बैठक में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा। इससे आईटी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी बढ़ी क्योंकि उनकी आय का बड़ा हिस्सा अमेरिकी बाजार से आता है। सोमवार की तेजी सिर्फ सेंसेक्स और निफ्टी तक सीमित नहीं रही। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जोरदार खरीदारी देखने को मिली।
- निफ्टी मिडकैप 100 में 1.11% की बढ़त
- निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1.31% की तेजी
- निफ्टी 500 इंडेक्स 1.05% चढ़कर बंद हुआ।
इन सेक्टरों ने दिखाई सबसे ज्यादा मजबूती
सोमवार के कारोबार में कई सेक्टरों में अच्छी तेजी दर्ज की गई।
- आईटी : 2.34%
- मीडिया : 2.39%
- रियल्टी : 2.28%
- ऑटो : 1.60%
- फार्मा : 1.56%
- हेल्थकेयर : 1.46%
- केमिकल : 1.29%
सोमवार की तेजी से निवेशकों को राहत जरूर मिली है, लेकिन आगे बाजार की दिशा कई अहम घटनाओं पर निर्भर करेगी। इनमें अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक, कंपनियों के जून तिमाही नतीजे, कच्चे तेल की कीमतों की चाल और पश्चिम एशिया की स्थिति सबसे महत्वपूर्ण रहेंगी। अगर तेल की कीमतें नीचे बनी रहती हैं और कंपनियों के नतीजे उम्मीद से बेहतर आते हैं तो बाजार में तेजी आगे भी जारी रह सकती है। हालांकि भू-राजनीतिक तनाव दोबारा बढ़ने या वैश्विक स्तर पर कोई बड़ा नकारात्मक घटनाक्रम होने पर बाजार में फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : EPF खाते में अभी तक नहीं आया ब्याज, जानें इस देरी का आपकी बचत पर क्या होगा असर?
