दुनिया

UK के गुरुद्वारे में खालिस्तान समर्थकों ने भारतीय उच्चायुक्त को जाने से रोका: कार से नीचे न उतरने दिया, बोले- फिर न आना

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Oct 1, 2023, 07:08 AM IST

Glasgow Gurdwara Incident: कट्टरपंथी खालिस्तानी समर्थकों के इस समूह ने घटना के दौरान भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी को कार से नीचे नहीं उतरने दिया था। पूरे वाकये से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

Image

स्कॉटलैंड पुलिस ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि फिलहाल इस मामले में जांच-पड़ताल जारी है।

Photo : ANI

Glasgow Gurdwara Incident: कनाडा के साथ भारत के तनाव के बीच यूनाइटेड किंगडम (यूके) के स्कॉटलैंड में खालिस्तान समर्थकों का उत्पात देखने को मिला है। वहां पर खालिस्तानी विचारों को सपोर्ट करने वाले कुछ लोगों ने भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी को गुरुद्वारा जाने से रोक दिया। वे लोग ब्रिटिश गुरुद्वारे के बाहर आ गए थे और उच्चायुक्त का रास्ता रोकने लगे थे।

घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर सामने आया है, जिसमें कुछ खालिस्तान समर्थक गुरुद्वारे के बाहर भारतीय उच्चायुक्त को घेरे नजर आए। यही वजह रही कि दोरईस्वामी कार में बैठकर वहां से लौट गए। उनके जाने के बाद विरोध करने वाले लोग यह हिदायत दिखे कि वे वहां पर दोबारा न आएं।

उच्चायुक्त को उस दौरान रोकने वाले तीन लोगों में से एक शख्स ने कहा था, "गुरुद्वारे में आने वाले भारत सरकार के किसी भी शख्स के साथ यही हाल किया जाएगा। चाहे वह किसी भी बहाने से आ रहे हों। हम जानते हैं कि उनका मकसद क्या है।" इस बीच, भारतीय उच्चायोग ने बताया कि "चरमपंथी तत्वों" ने स्कॉटिश संसद के सदस्य सहित आयोजकों के साथ दुर्व्यवहार भी किया था।

Glasgow Gurudwara

Glasgow Gurudwara

रविवार (एक अक्टूबर, 2023) को ग्लासगो गुरुद्वारा गुरु ग्रंथ साहिब सिख सभा की ओर से इस बाबत विस्तृत जानकारी दी गई। बयान जारी करते हुए बताया गया कि यह पूरा मामला 29 सितंबर 2023 को ग्लासगो गुरुद्वारे का है। घटना के दौरान भारतीय उच्चायुक्त निजी यात्रा पर थे। यह विजिट स्कॉटिश संसद के एक सदस्य की ओर से थी।

स्टेटमेंट में आगे कहा गया, ग्लासगो के बाहर के कुछ अज्ञात लोगों ने इस यात्रा को बाधित करने का प्रयास किया, जिसके बाद मेहमान दल ने परिसर छोड़ने का फैसला किया। दर्शनार्थियों के जाने के बाद भी इन उपद्रवी लोगों ने गुरुद्वारा मंडली को परेशान करना जारी रखा। स्कॉटलैंड पुलिस मौजूद थी और उसने मामले का संज्ञान लिया है।

ग्लासगो गुरुद्वारा गुरु ग्रंथ साहिब सिख सभा के अनुसार, "ग्लासगो गुरुद्वारा सिख पूजा स्थल की शांतिपूर्ण कार्यवाही को बाधित करने के लिए इस तरह के अव्यवस्थित व्यवहार की कड़ी निंदा करता है। गुरुद्वारा सभी समुदायों और पृष्ठभूमि के लोगों के लिए खुला है और हम अपने विश्वास के सिद्धांतों के अनुसार सभी का खुले तौर पर स्वागत करते हैं।"

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article