दुनिया

'मेरी पॉपुलैरिटी की चिंता छोड़, खुद पर ध्यान दें', ट्रंप पर फिर बरसीं इटली पीएम मेलोनी

Meloni vs Trump: जी-7 शिखर सम्मेलन के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। ट्रंप ने दावा किया था कि मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए मिन्नतें की थीं और उनकी लोकप्रियता गिर रही है।

Image

ट्रंप और मेलोनी में भारी टकराव

Photo : AP

Meloni vs Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच तीखी बहस छिड़ गई है। ट्रंप द्वारा लगातार किए जा रहे बयानों पर पलटवार करते हुए मेलोनी ने कहा है कि उन पर किए जा रहे ये बिना वजह के हमले पूरी तरह से समझ से परे हैं। दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर दावा किया कि फ्रांस में हुए हालिया जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी ने उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए बार-बार गुहार लगाई थी।

इसके साथ ही ट्रंप ने यह भी कह दिया कि इटली में मेलोनी की लोकप्रियता तेजी से गिर रही है, क्योंकि उन्होंने ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के अमेरिकी (Italy US Relations) रुख का विरोध किया है। ट्रंप ने आरोप लगाया कि मेलोनी ने अमेरिकी सेना को इटली की हवाई पट्टियों का इस्तेमाल करने से भी मना कर दिया, जिससे अमेरिका को भारी परेशानी हुई। इन आरोपों का जवाब मेलोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर बेहद कड़े शब्दों में दिया।

इटली एक संप्रभु देश-मेलोनी

मेलोनी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "राष्ट्रपति ट्रंप, ये लगातार और अकारण किए जा रहे हमले बेमानी हैं। जहां तक मेरी लोकप्रियता की बात है, तो आपका दोस्त होने से मुझे कोई फायदा नहीं हुआ है। मेरी लोकप्रियता इस बात पर निर्भर करती है कि मैं इटली के राष्ट्रीय हितों की रक्षा कितनी मजबूती से करती हूं।" सैन्य बेस के मुद्दे पर ट्रंप को घेरते हुए मेलोनी ने साफ किया कि इटली एक संप्रभु देश है।

'मेरी लोकप्रियता आपकी चिंता का विषय नहीं'

सैन्य अड्डों का इस्तेमाल समझौतों के तहत होता है और जब तक वह प्रधानमंत्री हैं, इन नियमों का उल्लंघन नहीं किया जा सकता। मेलोनी ने ट्रंप को नसीहत देते हुए कहा, "मेरी लोकप्रियता आपकी चिंता का विषय नहीं है। बेहतर होगा कि आप अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दें।" इससे पहले ट्रंप ने एक इतालवी चैनल से बातचीत में कहा था कि उन्होंने तरस खाकर मेलोनी के साथ फोटो खिंचवाई थी, जिस पर मेलोनी ने स्पष्ट कहा था कि न तो वह और न ही इटली कभी किसी के सामने भीख मांगते हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article