दुनिया

शेख हसीना का बड़ा ऐलान- दिसंबर में लौटेंगी बांग्लादेश, मौत की सजा के बाद भी इरादे कायम

Sheikh Hasina: बांग्लादेश के एक विशेष न्यायाधिकरण ने 2025 में उन्हें मानवता के खिलाफ अपराध के लिए मौत की सजा सुनाई। अदालत ने माना कि वह उस कार्रवाई का आदेश देने के लिए जिम्मेदार थीं जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए और हजारों अन्य घायल हो गए।

Image

शेख हसीना (फोटो साभार- PTI)

Sheikh Hasina: बांग्लादेश में 2024 में बड़े पैमाने पर हुए जनविद्रोह के बाद सत्ता से बेदखल हुईं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा कि वह अगले महीने अपने स्वदेश वापसी के इरादे पर कायम हैं। 'द एसोसिएटेड प्रेस' यानि एपी से बात करते हुए उन्होंने कहा है कि अगले महीने (भारत में) निर्वासन से वह स्वदेश वापसी के इरादे पर कायम हैं। हसीना ने यह बात ऐसे समय कही है, जब उनकी सरकार द्वारा प्रदर्शनकारियों पर की गई घातक कार्रवाई के मामले में उन्हें मौत की सजा सुनाई जा चुकी है। छात्रों के नेतृत्व वाले विरोध-प्रदर्शनों के कारण सत्ता से हटाए जाने के बाद हसीना भारत आ गई थीं और तब से वह यहीं रह रही हैं।

बांग्लादेश कोर्ट ने सुनाई है मौत की सजा

बांग्लादेश के एक विशेष न्यायाधिकरण ने 2025 में उन्हें मानवता के खिलाफ अपराध के लिए मौत की सजा सुनाई। अदालत ने माना कि वह उस कार्रवाई का आदेश देने के लिए जिम्मेदार थीं जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए और हजारों अन्य घायल हो गए। संयुक्त राष्ट्र ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि इस दौरान लगभग 1,400 लोग मारे गए थे। हसीना ने किसी भी तरह की गलत कार्रवाई से इनकार किया है। उन्होंने न्यायाधिकरण के फैसले को भी खारिज कर दिया है और इस मुकदमे की वैधता को चुनौती दी है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- डोनाल्ड ट्रंप के MAGA का जादू क्यों पड़ने लगा फीका

बांग्लादेश पहुंचने पर हो सकती हैं गिरफ्तार

बांग्लादेश ने कई बार हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की है, लेकिन भारत ने उन्हें सौंपने से इनकार कर दिया है। उन्होंने पहली बार अगस्त में दिसंबर में देश लौटने का इरादा जताया था। ईमेल के जरिए पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने 'द एसोसिएटेड प्रेस' से कहा, "अगर मेरी किस्मत में मौत लिखी है तो मैं अपने ही देश की मिट्टी पर अपने ही लोगों के बीच मरना पसंद करूंगी।" उन्होंने कहा, "इसलिए मैं बांग्लादेश वापस आऊंगी। मेरा यह फैसला नहीं बदला है।" पिछले हफ्ते उनसे कुछ सवाल पूछे गए थे, जिनका जवाब उन्होंने बुधवार को दिया। वर्ष 2009 से 2024 तक बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं हसीना ने भारत से वापसी की योजना का खुलासा नहीं किया। बांग्लादेश पहुंचने पर उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें