शहर

'पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया'...सीवान में युवक की मौत पर हंगामा; पटना-सीवान मुख्य मार्ग पर आगजनी-तोड़फोड़

बिहार के सीवान में जनरल स्टोर दुकानदार नदीम हुसैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजन दुकान बंद कर युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप लगाया है।

Image

सीवान में युवक की हत्या के बाद हंगामा

सीवान में जनरल स्टोर दुकानदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि नदीम हुसैन को दुकान के अंदर बंद कर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। घटना के विरोध में आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने पटना-सीवान मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर आगजनी और जमकर हंगामा हुआ।

मामला जीबी नगर तरवारा थाना क्षेत्र के तरवारा बाजार का है। मृतक की पहचान नदीम हुसैन के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, बीती रात नदीम अपनी दुकान के अंदर थे। इसी दौरान कथित तौर पर दुकान में पेट्रोल डालकर उन्हें आग के हवाले कर दिया गया। वारदात के बाद दुकान का शटर बाहर से बंद कर दिया गया, ताकि किसी को घटना की जानकारी तुरंत न मिल सके।

शव रखकर पटना-सीवान मुख्य मार्ग जाम

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने नदीम के शव को सड़क पर रखकर पटना-सीवान मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर रखे सामान में आग भी लगा दी, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

हंगामे की सूचना पर सदर एसडीएम आशुतोष कुमार गुप्ता और सदर एसडीपीओ प्रांजल कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों और परिजनों से बातचीत की। एसडीएम आशुतोष कुमार गुप्ता ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद लोगों को समझाकर जाम खुलवाया गया।

वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की बहनों अफसाना खातून और तबस्सुम ने भी घटना को लेकर अपनी बात रखी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

जनरल स्टोर दुकानदार नदीम हुसैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव। परिजनों का आरोप है कि नदीम को दुकान के अंदर बंद कर जिंदा जला दिया गया। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने पटना-सीवान हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर आगजनी भी की गई।

आशुतोष कुमार गुप्ता – एसडीएम, सीवान

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article