Delhi Defence Colony Theft: दिल्ली के साउथ डिस्ट्रिक्ट की डिफेंस कॉलोनी थाना पुलिस ने सरकारी आवास में हुई चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए वारदात के बाद कई जगह अपने कपड़े बदले थे, लेकिन 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस उन तक पहुंच गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है। इसमें ब्रांडेड ज्वेलरी, कलाई घड़ी और चश्मे शामिल हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की बाइक भी बरामद हुई है।
पुलिस ने सुलझाई सरकारी आवास में चोरी की गुत्थी
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 को डिफेंस कॉलोनी थाने में एक सरकारी आवास में चोरी की शिकायत मिली थी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी को शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सरकारी फ्लैट में केयरटेकर है। किसी ने कमांडेंट के आवास का ताला तोड़कर घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया है। इसके बाद पुलिस ने ई-एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
खंगाले गए 100 से ज्यादा CCTV फुटेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए डिफेंस कॉलोनी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध घर में घुसते और चोरी करने के बाद बाहर निकलते दिखाई दिए। इनमें से एक आरोपी ने वारदात के बाद घर में लगे CCTV कैमरे को भी बंद कर दिया था। पुलिस ने आरोपियों के भागने के रास्तों की फुटेज खंगाली तो पता चला कि दोनों काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक पर सवार होकर निकले थे। उनकी लोकेशन मूलचंद से ओखला और फिर कालिंदी कुंज की तरफ जाती दिखाई दी। इस दौरान दोनों अलग-अलग जगहों पर अपने कपड़े बदलते भी नजर आए, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- वाराणसी में वेल्डिंग मशीन से तैयार होते थे असलहे
CCTV फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
जांच के दौरान पुलिस ने बाइक की पहचान की तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल 14 अक्टूबर को हौज खास थाना इलाके से चोरी हुई थी। CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय सुमित कुमार उर्फ इल्लू और 19 वर्षीय रोहन कुमार के रूप में हुई है। दोनों मदनपुर खादर के राजनगर इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, सुमित के खिलाफ पहले से चोरी और सेंधमारी के कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ रेलवे, डिफेंस कॉलोनी, सरोजिनी नगर, आरके पुरम, हौज खास, नजफगढ़ और सफदरजंग एन्क्लेव समेत अलग-अलग थानों में करीब 19 आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड सामने आया है। वहीं, रोहन का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
चोरी का पूरा सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए चार ऑक्सीडाइज्ड ब्रांडेड नेकलेस, दो GEMS ब्रांड के नेकलेस, कानों के आठ जोड़ी टॉप्स, एक ब्रांडेड कलाई घड़ी और दो ब्रांडेड चश्मे बरामद किए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक भी जब्त की गई है।दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस मामले में चोरी का 100 फीसदी सामान बरामद कर लिया गया है। साउथ डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और पुलिस टीम की लगातार जांच के चलते दोनों आरोपियों को पकड़ने में कामयाबी मिली।
