Pakistan News: पाकिस्तान के पास केवल 5-7 दिन का कच्चा तेल भंडार है। यह पाकिस्तान के मंत्री ने चेतावनी दी है। पाकिस्तनी मंत्री ने कहा कि हमारे पास कोई आयल रिजर्व नहीं। हम इंडिया की तरह नहीं कि एक सिग्नेचर में 60-70 दिन का रिजर्व रिलीज कर सकें। दरअसल, संघीय पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने ईरान-अमेरिका संघर्ष से जुड़े मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव के बीच पाकिस्तान के ईंधन भंडारों को लेकर चिंता जताई है।
समा टीवी से बात करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यह युद्ध खत्म होता नहीं दिख रहा है और वैश्विक ऊर्जा बाजारों के लिए अनिश्चितता पैदा कर रहा है। उन्होंने पाकिस्तान के सीमित रणनीतिक भंडारों और तत्काल ऊर्जा सुरक्षा योजना की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
पेट्रोल का भंडार एक दिन का भी नहीं
इंटरव्यू के दौरान, पेट्रोलियम मंत्री ने बताया कि पाकिस्तान के पास इस समय कच्चे तेल का भंडार सिर्फ 5 से 7 दिनों का ही बचा है। उन्होंने आगे कहा कि देश के पास एक दिन के लिए भी पेट्रोल का भंडार नहीं है, जिससे ऊर्जा व्यवस्था बाहरी झटकों के प्रति बहुत ज्यादा संवेदनशील हो गई है। उनके अनुसार, यह स्थिति भंडारण क्षमता को मजबूत करने और लंबी अवधि की ऊर्जा तैयारियों को बेहतर बनाने की तत्काल आवश्यकता को उजागर करती है।
ईरानी, रूसी तेल को लेकर दी गई छूट की अवधि नहीं बढ़ाएगा अमेरिका
वहीं, हाल ही में अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि समुद्र में मौजूद रूसी तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद की अनुमति देने वाली छूट की अवधि बढ़ाने की अमेरिका की कोई योजना नहीं है। बेसेंट ने साथ ही कहा कि समुद्र में मौजूद ईरानी तेल के लिए दी गई एक बार दी गई छूट को आगे बढ़ाने का सवाल ही नहीं उठता।बेसेंट ने ’एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा, 'ईरानियों के लिए छूट नहीं दी जाएगी।' उन्होंने कहा, 'हमने नाकाबंदी कर रखी है और वहां से कोई तेल बाहर नहीं आ रहा।'
