दुनिया

Charlie Kirk Assassination: अमेरिकी में FBI ने चार्ली किर्क हत्याकांड में 'संदेहास्पद व्यक्ति' की जारी की तस्वीर

डोनाल्ड ट्रंप के सहयोगी चार्ली किर्क की दिनदहाड़े उस समय हत्या कर दी गई जब वह सामाजिक मुद्दों पर बोल रहे थे और बंदूक हिंसा पर एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे, तभी उन्हें गोली मार दी गई।

Image

'संदेहास्पद व्यक्ति' की जारी की तस्वीर (फोटो:X)

अमेरिकी दक्षिणपंथी राजनीतिक कार्यकर्ता चार्ली किर्क को बुधवार को यूटा के एक विश्वविद्यालय परिसर में एक स्नाइपर ने गोली मार दी।संघीय जाँच ब्यूरो (FBI) ने गुरुवार को चार्ली किर्क की हत्या के मामले में 'संदेहास्पद व्यक्ति' की तस्वीर जारी की और संदिग्ध की पहचान करने में जनता से मदद मांगी।

एफबीआई साल्ट लेक सिटी ने एक्स पर एक पोस्ट में तस्वीरें संलग्न करते हुए कहा, 'हम यूटा वैली विश्वविद्यालय में चार्ली किर्क की घातक गोलीबारी के संबंध में इस संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने में जनता से मदद मांग रहे हैं।'

एक उच्च-शक्ति वाली बोल्ट-एक्शन राइफल बरामद

चार्ली किर्क की बुधवार को एक स्नाइपर ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अधिकारियों का मानना है कि एक गोली चलाने के बाद वह छत से कूदकर पड़ोस में भाग गया था। अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने एक उच्च-शक्ति वाली बोल्ट-एक्शन राइफल बरामद की है, जिसका इस्तेमाल हमले में किया गया था। वे उस व्यक्ति के वीडियो फुटेज की भी समीक्षा कर रहे हैं जिसके बारे में उनका मानना है कि वह हत्या के पीछे था।

चार्ली किर्क की एक स्नाइपर ने गोली मारकर हत्या कर दी

डोनाल्ड ट्रंप के सहयोगी चार्ली किर्क की दिनदहाड़े उस समय हत्या कर दी गई जब वह सामाजिक मुद्दों पर बोल रहे थे और बंदूक हिंसा पर एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे, तभी उन्हें गोली मार दी गई। यह बहस उनके गैर-लाभकारी राजनीतिक युवा संगठन, एरिजोना स्थित टर्निंग प्वाइंट यूएसए द्वारा यूटा वैली विश्वविद्यालय परिसर के सोरेंसन सेंटर प्रांगण में आयोजित की गई थी।

हत्या के विचलित करने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

हत्या के विचलित करने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिनमें चार्ली किर्क हाथ में पकड़े माइक्रोफ़ोन पर बात कर रहे थे, तभी अचानक गोली चलने की आवाज़ आई। कुछ ही सेकंड में उनकी गर्दन के बाईं ओर से खून बहने लगा, जिससे देखने वाले चीखने-चिल्लाने लगे।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह चार्ली किर्क को अमेरिका के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम से सम्मानित करेंगे, जबकि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा, साल्ट लेक सिटी में किर्क के परिवार से मिलने वाले हैं।

आधा झुका रहेगा अमेरिकी ध्वज

किर्क की हत्या पर ट्रंप ने कहा कि 'महान, और वास्तव में दिग्गज, चार्ली किर्क अब हमारे बीच नहीं रहे। अमेरिका के युवाओं की आत्मा और दिल को चार्ली से बेहतर कोई नहीं समझता था। वह सबके प्यारे और प्रशंसनीय थे, विशेष रूप से मेरे। अब वह हमारे बीच नहीं हैं। मेलानिया और मेरी संवेदनाएं। हम उनकी पत्नी एरिका और उनके परिवार के साथ हैं। चार्ली, हम तुमसे प्यार करते हैं! चार्ली किर्क के सम्मान में, जो एक सच्चे महान अमेरिकी देशभक्त थे, मैं आदेश देता हूं कि रविवार शाम 6 बजे तक पूरे संयुक्त राज्य अमेरिका में सभी अमेरिकी झंडे आधे झुकाए जाएं।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article