दुनिया

ताइवान में तूफान 'चांपी' ने दिखाया रौद्र रूप, समुद्र में उठीं गगनचुंबी लहरें, 1 की मौत, 500 से ज्यादा घायल

उसने बताया कि दक्षिणी ताइवान के पिंगतुंग काउंटी में रहने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह समुद्र की लहरों में बह गया था। ताइवान के स्थानीय समाचार पत्र ’यूनाइटेड डेली न्यूज’ ने बिजली अधिकारियों के हवाले से बताया कि तूफान के कारण 2,80,000 घरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

Image

ताइवान में तूफान से एक व्यक्ति की मौत।

Photo : AP

Typhoon Champi : ताइवान में चक्रवात चांपी के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई और सैकड़ों लोग घायल हो गए। चक्रवात के कारण तेज हवाओं और बारिश का दौर शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक जारी रहा। इस दौरान कई पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि, चांपी सीधे ताइवान से नहीं टकराया, लेकिन इसका असर ताइवान के ज्यादातर हिस्सों में देखने को मिला। ताइवान के मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार सुबह तक चक्रवात कमजोर पड़ने लगा और शाम तक चक्रवात संबंधी चेतावनियां वापस ले ली जाएंगी। ताइवान के केंद्रीय आपातकालीन संचालन केंद्र ने बताया कि शुक्रवार रात तक 350 लोग घायल हुए।

शनिवार सुबह तक 80 प्रतिशत घरों में बिजली बहाल

उसने बताया कि दक्षिणी ताइवान के पिंगतुंग काउंटी में रहने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह समुद्र की लहरों में बह गया था। ताइवान के स्थानीय समाचार पत्र ’यूनाइटेड डेली न्यूज’ ने बिजली अधिकारियों के हवाले से बताया कि तूफान के कारण 2,80,000 घरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि, शनिवार सुबह तक 80 प्रतिशत घरों में बिजली बहाल कर दी गई। पूरे द्वीप में तूफान के कारण पेड़, साइनबोर्ड और कुछ छोटे ढांचे गिर गए। ताइपे में एक कॉलेज के छात्रावास की छत भी गिर गई। जापान की ओर बढ़ने के साथ ही तूफान के कमजोर पड़ने की संभावना है।

298 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी रफ्तार

इस हफ्ते की शुरुआत में चाम्पी तूफान की हवाओं की रफ्तार 298 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी, लेकिन ताइवान के दक्षिण-पश्चिम से गुजरते हुए इसकी रफ्तार कम होकर 155 किमी प्रति घंटा रह गई। अनुमान है कि यह तूफान ताइवान के उत्तर-पूर्वी हिस्से के पास से गुजरते हुए समुद्र के ऊपर ही रहेगा और फिर उत्तर की ओर मुड़कर जापान के दक्षिण-पश्चिमी द्वीपों की तरफ बढ़ जाएगा। ताइवान के केंद्रीय मौसम प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे बाहर जाने या गाड़ी चलाने से बचें और गिरती हुई चीजों से सावधान रहें।

उड़ानें रोकी दईं, बिजली आपूर्ति ठप

दमकल विभाग के अनुसार, ताइवान के मुख्य द्वीप के दक्षिण-पूर्वी तट के पास स्थित छोटे से द्वीप 'लियूकिउ’ में समुद्री लहरों की चपेट में आने से बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। तूफान के कारण 94 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। सरकार ने बताया कि पहाड़ी और जोखिम वाले इलाकों से लगभग 1,300 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। परिवहन मंत्रालय के अनुसार, ताइवान की सभी 262 घरेलू उड़ानों के साथ ही 669 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। हालांकि, पश्चिमी तट पर उच्च गति वाली रेल सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। दक्षिण-पश्चिमी जापान में भी इस तूफान के कारण एक व्यक्ति घायल हो गया, उड़ानें रोक दी गईं और बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

(एजेंसी इनपुट)

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article