Canada News: यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वोन डेर लेयेन ने बुधवार को कनाडा को यूरोपीय यूनियन का पहला एसोसिएट सदस्य बनाने का प्रस्ताव दिया। अमेरिका के साथ कनाडा की बढ़ती तल्खी के बीच इसे कनाडा का यूरोप के करीब जाने की एक कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। टैरिफ को लेकर अमेरिका और कनाडा के रिश्तों में कड़वाहट बढ़ गई है। नॉर्थ कैरोलिना के शार्लेट में ट्रंप ने कहा कि कनाडा को ईयू का एसोसिएट मेंबर बनाना एक 'शत्रुतात्मक कदम' माना जाएगा। ट्रंप ने कहा है कि इस प्रस्ताव का जवाब वह ब्लॉक पर और टैरिफ लगाकर देंगे।
तो हम यूरोप पर बहुत भारी टैरिफ लगाएंगे-ट्रंप
ट्रंप ने यूरोपीय नेताओं की 'मंशा' को लेकर अपनी टैरिफ धमकी को शर्तों से जोड़ते हुए कहा कि, 'अगर मंशा अच्छी है तो ठीक है। अगर मंशा खराब है, तो हम यूरोप पर बहुत भारी टैरिफ लगाएंगे।' उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका कुछ क्षेत्रों में यूरोप के साथ व्यापार पूरी तरह रोक सकता है। ट्रंप ने कनाडा के यूरोपीय संघ (EU) में शामिल होने की संभावना को 'हंसी की बात' बताया और कनाडा को अमेरिका का 'खराब व्यापारिक साझेदार' करार दिया।
कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने चाहते हैं ट्रंप
ट्रंप के टैरिफ और कनाडा को बार-बार अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की बात ने दोनों पड़ोसी देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ा दिया है। कनाडा अब अमेरिका पर अपनी निर्भरता कम करने की कोशिश कर रहा है। उसके करीब 70% निर्यात अमेरिका को जाते हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने यूरोपीय संघ के साथ 'विशिष्ट गठबंधन' बनाने की बात कही है।
'फ्यूचर के लिए गठबंधन' बनाएंगे-लेयेन
यूरोपीय संघ के अपने वार्षिक ‘स्टेट ऑफ द यूरोपियन यूनियन’ संबोधन में उर्सुला फॉन डेर लेयेन ने कहा कि कनाडा और EU अपने मौजूदा मुक्त व्यापार समझौते CETA को आगे बढ़ाते हुए 'फ्यूचर के लिए गठबंधन' बनाएंगे। इसका उद्देश्य “साझा समृद्धि और आर्थिक सुरक्षा का क्षेत्र” तैयार करना होगा। उन्होंने इस करीबी रिश्ते को केवल व्यापार तक सीमित नहीं बताया, बल्कि इसे साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित संबंध के रूप में पेश किया।
