Israel Iran War Flight Status: इजरायल-ईरान युद्ध के बीच एमिरेट्स एयरलाइन ने आज से सीमित संख्या में उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है। एयरलाइन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि फिलहाल केवल चुनिंदा फ्लाइट्स संचालित की जाएंगी। वहीं, पहले से बुकिंग कर चुके यात्रियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
एयरलाइन के अनुसार, जिन यात्रियों को इन सीमित उड़ानों में रीबुक किया गया है, उनसे सीधे संपर्क किया जाएगा। कंपनी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक आधिकारिक सूचना न मिले, तब तक यात्री एयरपोर्ट न जाएं।
एमिरेट्स एयरलाइन ने यह कदम क्षेत्रीय परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए उठाया है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए एयरलाइन ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार आगे की उड़ान योजना अपडेट की जाएगी।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी बुकिंग की स्थिति जानने के लिए केवल आधिकारिक चैनलों का उपयोग करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
हवाई परिचालन को सीमित रूप में दोबारा शुरू किया जाएगा: दुबई एयरपोर्ट
दुबई एयरपोर्ट्स ने पुष्टि की है कि आज से हवाई परिचालन को सीमित रूप में दोबारा शुरू किया जाएगा। इस चरणबद्ध बहाली के तहत चुनिंदा उड़ानों को ही दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल – अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संचालन की अनुमति दी जाएगी।
दुबई एयरपोर्ट की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि फिलहाल बहुत कम संख्या में उड़ानें संचालित होंगी और प्राथमिकता उन यात्रियों को दी जाएगी, जिनकी उड़ानों की पुष्टि संबंधित एयरलाइंस द्वारा सीधे की गई है।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि हवाई अड्डों पर सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य की जाएंगी, ताकि भीड़भाड़ से बचा जा सके और यात्रियों को असुविधा न हो। सुरक्षा जांच, इमिग्रेशन और ग्राउंड हैंडलिंग जैसी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को सीमित उड़ानों के अनुरूप समन्वित किया जा रहा है। दुबई एयरपोर्ट्स ने यात्रियों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
यात्रियों को क्या-क्या दी गई सलाह?
दुबई एयरपोर्ट ने यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे हवाई अड्डे पहुंचने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति को अपनी एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या कस्टमर केयर के माध्यम से जांच लें। इसके अलावा, जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द या पुनर्निर्धारित की गई हैं, उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के लिए सीधे अपनी एयरलाइन से संपर्क करना चाहिए, न कि हवाई अड्डे पर बिना पुष्टि पहुंचे।
दुबई एयरपोर्ट्स ने यह भी स्पष्ट किया कि स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है और आने वाले घंटों व दिनों में परिचालन क्षमता को धीरे-धीरे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, यह पूरी तरह परिस्थितियों और परिचालन तैयारियों पर निर्भर करेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया या अफवाहों के बजाय केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
एतिहाद एयरवेज के 15 विमानों ने अबू धाबी से भरी उड़ान
वहीं, एतिहाद एयरवेज (Etihad Airways) के 15 यात्री विमान महज तीन घंटे की अवधि में अबू धाबी (Abu Dhabi) से उड़ान भर चुके हैं। माना जा रहा है कि इन उड़ानों के जरिए उन ट्रांजिट यात्रियों को निकाला गया, जो संघर्ष शुरू होने के बाद से एयरपोर्ट पर फंसे हुए थे।
बता दें कि आज अबू धाबी से अन्य विमानों की भी आवाजाही दर्ज की गई। एतिहाद के 2 कार्गो विमान रवाना हुए, जबकि इंडिगो (IndiGo) के 2 एयरबस A320 विमान (संभावित रूप से खाली) ने भी उड़ान भरी। इसके अलावा लुफ्तांसा (Lufthansa) का एक A380 विमान मेंटेनेंस के बाद अबू धाबी से रवाना हुआ।
हालांकि, एतिहाद एयरवेज की आधिकारिक जानकारी के अनुसार अबू धाबी से आने-जाने वाली सभी उड़ानें मंगलवार 3 मार्च को यूएई समयानुसार दोपहर 2:00 बजे तक निलंबित रहेंगी। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि आधिकारिक चैनलों के माध्यम से करें और बिना सूचना के एयरपोर्ट न पहुंचें। एयरलाइन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौजूदा हालात को देखते हुए आगे की उड़ान योजना स्थिति के अनुसार तय की जाएगी।
