दुनिया

क्या पिघलने लगी है ट्रंप-मस्क के रिश्तों में जमी बर्फ: दोनों साथ खाना खाते दिखे, फिर शुरू हुआ सुलह की चर्चाओं का दौर

रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर द्वारा एक्स पर पोस्ट की गई फोटो कहां की है इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। लेकिन इसमें ट्रम्प और मस्क एक-दूसरे के ठीक बगल में बैठे दिख रहे हैं।

Image

साथ बैठे दिखे एलन-मस्क। फोटो- X/@SecKennedy।

कभी अपनी दोस्ती के लिए मशहूर अमेरिकी राष्ट्रपति और टेस्ला के मालिक एलन मस्क के बीच फिलहाल सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। इस बीच, दोनों की थैंक्सगिविंग लंच की एक तस्वीर सामने आई है, जिसके बाद अटकलें लगने लगीं हैं कि उनके रिश्तों में जमी बर्फ पिघलने लगी है। दरअसल, अमेरिका के हेल्थ एंड ह्यूमन सर्विसेज सेक्रेटरी रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर ने एक फोटो शेयर की है, जिसमें राष्ट्रपति ट्रम्प, मस्क, डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर और हाउस स्पीकर माइक जॉनसन एक ही साथ खाने की मेज पर नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के सामने आने के बाद दोनों को लेकर चर्चाओं का नया दौर एक बार फिर से शुरू हो गया है।

साथ बैठे दिखे मस्क और ट्रंप

रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर द्वारा एक्स पर पोस्ट की गई यह फोटो कहां की है इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। लेकिन इसमें ट्रम्प और मस्क एक-दूसरे के ठीक बगल में बैठे दिख रहे हैं। कैनेडी ने इस तस्वीर के साथ सिर्फ 'हैप्पी थैंक्सगिविंग' लिखा है। फिलहाल दोनों के बीच क्या चल रहा है, यह तो साफ नहीं है लेकिन तस्वीर ने सोशल मीडिया पर कयासों की बाढ़ ला दी। इससे पहले, बीते माह ओवल ऑफिस में एक बैठक के दौरान ट्रम्प को मस्क के पेट पर हल्के से टैप करते देखा गया था। जिसके बाद भी इस तरह की चर्चाएं शुरू हुईं थी।

ऐसे हुई थी ट्रंप और मस्क के बीच गहरी दोस्ती की शुरुआत और फिर तनाव भी बढ़ा

ट्रंप और एलन मस्क के बीच राजनीतिक रूप से गहरी दोस्ती तब हुई जब राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान 2024 में पेंसिल्वेनिया में एक जनसभा के दौरान ट्रंप को गोली मार दी गई थी। इसके बाद मस्क ने खुले तौर पर ट्रंप को अपना समर्थन देने की घोषणा कर दी थी। इस हमले के बाद मस्क ने खुलकर ट्रंप के साथ चुनाव प्रचार किया और उन्हें जीत दिलाई। बाद में मस्क ट्रंप प्रशासन में सरकारी दक्षता मंत्रालय (DOGE) के प्रमुख भी बने। हालांकि उन्होंने अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही पद छोड़ दिया था। ट्रम्प प्रशासन में मस्क DOGE के प्रमुख के तौर पर पांच महीने रहे। बाद में एपस्टीन फाइल से जुड़े विवाद और बिग ब्यूटीफुल पर मतभेद के बाद दोनों के बीच तनाव और गहरा गया। ट्रंप ने दावा किया था कि मस्क बिग ब्यूटीफुल बिल का विरोध महज इस लिए कर रहे हैं क्योंकि इसके कारण इलेक्ट्रिक वाहनों पर मिलने वाली टैक्स छूट समाप्त हो जाएगी। इनका कहना था कि टेस्ला को भी टैक्स छूट मिलती है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article