Afghanistan Earthquake: अफगानिस्तान में एक बार फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। पिछले कुछ दिनों से अफगानी धरती लगातार कांप रही है और वहां के लोग डर के साये में जी रहे हैं। ताजा झटके गुरुवार को दक्षिणी-पूर्वी अफगानिस्तान में महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी गई ही।
अफगानिस्तान में इतना भयावह भूकंप आया कि पाकिस्तान में भी झटके महसूस किए गए हैं। जर्मन भूविज्ञान अनुसंधान केंद्र (GFZ) ने बताया कि गुरुवार को दक्षिण-पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। GFZ के अनुसार, भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
दो हजार से ज्यादा लोगों ने गंवाई जान
अफगानी धरती पर पिछले सप्ताह आए भूकंप में तबाह हुए घरों से सैकड़ों शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 2,200 से अधिक हो गई है। रविवार रात आए 6.0 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने कई प्रांतों को हिला दिया था, जिससे भारी तबाही हुई थी। भूकंप से कई गांव तबाह हो गए और लोग मिट्टी, कच्ची ईंटों और लकड़ी से बने मकानों के मलबे में दब गए थे, जो इस झटके को सहन नहीं कर पाए थे।
तालिबान के प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने गुरुवार को बताया कि बचाव और खोज अभियान जारी हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के लिए तंबू लगाए गए हैं और प्राथमिक चिकित्सा उपचार मुहैया कराया जा रहा है तथा जरूरी सामान की आपूर्ति की जा रही है। खराब रास्ते और धन की कमी बचाव एवं राहत कार्यों में बाधा बन रही है और सहायता संगठन देशों से अधिक मदद की अपील कर रहे हैं।
