दुनिया

चीन में भूकंप से तबाही: 6.2 तीव्रता के झटके, अब तक 111 लोगों की मौत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 19, 2023, 10:54 AM IST

Earthquake in China: भूकंप के कारण सबसे ज्यादा नुकसान, काउंटी, डियाओजी और किंघई प्रांत में हुआ है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने अब तक 95 लोगों की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में 111 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है।

Image

चीन में भूकंप से तबाही

Photo : AP

Earthquake in China: चीन में भूकंप से तबाही की खबर सामने आई है। यहां उत्तर-पश्चिमी चीन के गांसु प्रांत में सोमवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी गई है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के हवाले से एपी की रिपोर्ट के अनुसार, इस भूकंप के कारण अब तक गांसु और किंघई प्रांत में अब तक 95 लोगों की मौत को चुकी है, वहीं 200 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में 111 लोगों की मौत की खबर भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि भूकंप के कारण सबसे ज्यादा नुकसान, काउंटी, डियाओजी और किंघई प्रांत में हुआ है। यहां दर्जनों इमारतें मलबे में तब्दील हो चुकी हैं, जिसके नीचे लोग अभी भी दबे हुए हैं। उधर, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भूकंप के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य शुरू करने के आदेश जारी करते हुए ऑपरेशन ऑल-आउट चलाने के निर्देश दिए हैं।

10 किमी की गहराई में था भूकंप का केंद्र

यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र 10 किमी की गहराई में 35.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 102.79 डिग्री पूर्वी देशांत में दर्ज किया गया है। सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं और आपदा से हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए रेस्क्यू टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है। चीन के राष्ट्रीय आयोग और आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने स्तर-IV आपदा राहत आपातकाल को सक्रिय कर दिया है। बताया जा रहा है कि, अत्यधिक सर्दी होने के कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बचाव कार्य में रेस्क्यू टीमों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पाकिस्तान में भी आया भूकंप

चीन के अलावा सोमवार को पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां 5.8 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि, भूकंप के कारण किसी प्रकार के नुकसान या लोगों के हताहत होने की खबर नहीं है। राष्ट्रीय भूकंपीय निगरानी केंद्र के मुताबिक, भूकंप का केंद्र 133 किमी गहराई में था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article