दुनिया

'दवाओं के आयात पर शुल्क 250 प्रतिशत तक पहुंच सकता है...', बोले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप

ट्रंप ने यह भी खुलासा किया कि अमेरिका आने वाले सप्ताहों में विदेशी सेमीकंडक्टर्स और चिप्स पर भी टैरिफ लगाने की योजना बना रहा है, हालांकि उन्होंने इसका कोई विस्तृत विवरण नहीं दिया।

Image

आयातित दवाओं पर लगने वाला शुल्क (टैरिफ) धीरे-धीरे बढ़ाकर 250 प्रतिशत तक किया जा सकता है (फाइल फोटो: PTI)

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका में दवाओं का निर्माण बढ़ावा देने के लिए आयातित दवाओं पर लगने वाला शुल्क (टैरिफ) धीरे-धीरे बढ़ाकर 250 प्रतिशत तक किया जा सकता है।उन्होंने कहा, 'हम शुरू में फार्मास्युटिकल्स पर छोटा शुल्क लगाएंगे, लेकिन एक साल, डेढ़ साल में यह 150 प्रतिशत तक जाएगा और फिर 250 प्रतिशत तक, क्योंकि हम चाहते हैं कि दवाएं हमारे देश में बनें।'

यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब ट्रंप फार्मास्युटिकल इंडस्ट्री पर दबाव बढ़ा रहे हैं ताकि कंपनियां अमेरिका में ही दवा निर्माण करें। उन्होंने हाल ही में प्रमुख दवा आपूर्तिकर्ताओं से कीमतों में भारी कटौती की मांग की है, अन्यथा और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

इससे पहले, ट्रंप ने भारत के खिलाफ भी अपने व्यापारिक रुख को सख्त किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत पर अगले 24 घंटों के भीतर आयात शुल्क को पहले घोषित 25 प्रतिशत से काफी अधिक बढ़ाएगा।ट्रंप ने भारत पर रूस से भारी मात्रा में तेल खरीदकर उसे फिर से लाभ के लिए बेचने का आरोप लगाया।

भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति के इन आरोपों को 'अनुचित और बेबुनियाद' बताते हुए खारिज किया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा। रूस ने भी ट्रंप की टिप्पणियों की आलोचना की है और अमेरिका की दबाव नीति को 'अवैध' करार दिया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि संप्रभु देशों को यह अधिकार है कि वे अपने व्यापारिक और आर्थिक सहयोग के भागीदार खुद तय करें।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article