दुनिया

दुबई के क्राउन प्रिंस ने स्मित मच्छार से की मुलाकात, साहस के लिए की जमकर तारीफ, बोले- हमें गर्व कि वे हमारी टीम का हिस्सा

क्राउन प्रिंस ने शनिवार को अस्पताल पहुंचकर कैप्टन मच्छर से मुलाकात की, जहां उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भारतीय पायलट के साहस की प्रशंसा की।

Image

दुबई के क्राउन प्रिंस ने स्मित मच्छार से की मुलाकात (फोटो- x/ @HamdanMohammed)

दुबई के क्राउन प्रिंस हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मक्तूम ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी और जिम्मेदारी की सराहना की है। वे स्मित मच्छार का हाल लेने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। जहां उन्होंने भारतीय पायलट का हाल जाना। बता दें कि बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट के दौरान सह-पायलट ने कॉकपिट में उन पर हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छर ने विमान को संभावित बड़े हादसे से बचाने में अहम भूमिका निभाई।

क्राउन प्रिंस ने की मुलाकात

क्राउन प्रिंस ने शनिवार को अस्पताल पहुंचकर कैप्टन मच्छर से मुलाकात की, जहां उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भारतीय पायलट के साहस की प्रशंसा की। हमदान ने कहा कि कैप्टन मच्छर ने साहस, जिम्मेदारी और लोगों की जान की सुरक्षा के प्रति उच्च स्तर की प्रतिबद्धता दिखाई। उन्होंने कहा कि यूएई का नेतृत्व उनके प्रति पूरी सराहना और सम्मान व्यक्त करता है। हमें गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं,हमारे राष्ट्र की कहानी का हिस्सा हैं और उन मूल्यों का हिस्सा हैं जिनके लिए यूएई खड़ा है।

भारतीय दूतावास ने भी दी स्वास्थ्य की जानकारी

यूएई में भारतीय दूतावास ने भी कैप्टन मच्छर के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी साझा की। दूतावास ने बताया कि वह बेहतर स्थिति में हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। दूतावास ने कहा कि वह मच्छर के परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है तथा उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।

सह-पायलट पर आतंकी कार्रवाई का आरोप

यूएई इस मामले की जांच कर रहा है। यूएई के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी के मुताबिक, सह-पायलट ने क्रैश एक्स से कैप्टन मच्छर पर हमला किया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। यूएई ने इस घटना को कथित तौर पर आतंकवादी कृत्य बताया है। रिपोर्टों के मुताबिक, हमले के बावजूद कैप्टन मच्छर कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने सह-पायलट को काबू कर लिया।

174 यात्रियों के साथ विमान ने की इमरजेंसी लैंडिंग

फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट में 174 यात्री सवार थे। घटना के दौरान विमान ने आपात संकेत भेजे और करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे आया। इसके बाद विमान की सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई। इसके बाद कैप्टन मच्छर को शुरुआती इलाज तबुक में दिया गया, जिसके बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए अबू धाबी ले जाया गया। रिपोर्टों के अनुसार, हमले में शामिल सह-पायलट की पहचान ओमान के नागरिक हमाम अल-हमामी के रूप में हुई है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article