दुनिया

दुबई में भीषण सड़क हादसा, सात लोगों की मौत, नौ घायल; मृतकों में कई भारतीय कामगार भी शामिल

दुबई में आज एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Image

दुबई में भीषण हादसा (फोटो- दुबई पुलिस)

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। मृतकों में कई भारतीय कामगार भी शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ जब सड़क के बीचोंबीच तकनीकी खराबी के कारण खड़े हुए एक ट्रक से पीछे आ रही एक मिनीबस टकरा गई।

दुबई पुलिस के यातायात विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार ट्रक तकनीकी खराबी के चलते अचानक सड़क पर रुक गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही मिनीबस के चालक ने कथित तौर पर समय रहते ट्रक को नहीं देखा और पर्याप्त सुरक्षित दूरी न रखने के कारण बस ट्रक से जा टकराई।

सात लोगों की मौत

इस हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी जताया दुख

दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। भारतीय मिशन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि दुर्घटना में कई भारतीय नागरिकों की जान गई है और यह बेहद दुखद घटना है। दूतावास ने बताया कि वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और प्रभावित परिवारों तथा घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

भारतीय मिशन के अधिकारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी ले रहे हैं। दूतावास ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं।

दुबई पुलिस ने शुरू की जांच

वहीं, दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के लिए दुबई पुलिस ने यातायात दुर्घटना जांच विशेषज्ञों की टीम को घटनास्थल पर भेजा है। विशेषज्ञ मौके से साक्ष्य जुटाकर हादसे की वास्तविक वजहों का पता लगाने में जुटे हैं।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रैफिक गश्ती दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया, क्षेत्र को सुरक्षित बनाया और बचाव कार्य में लगी टीमों को सहायता प्रदान की। बाद में क्षतिग्रस्त ट्रक और मिनीबस को हटाकर सड़क पर यातायात सामान्य कराया गया।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article