दुनिया

आज से अमेरिका-ईरान के बीच शुरू होगी बातचीत, ट्रंप बोले- समझौता हुआ तो बचेगी कई लोगों की जान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच सोमवार से वार्ता शुरू होगी। ट्रंप ने बताया कि सऊदी अरब, कतर, यूएई और ओमान की मध्यस्थता के बाद प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई फिलहाल टाल दी गई है। दोनों देशों के बीच परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर समझौते की दिशा में बातचीत की उम्मीद जताई गई है।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (File Photo)

Photo : AP

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत सोमवार से शुरू होगी। ट्रंप के अनुसार, यह वार्ता मध्यस्थ देशों के जरिए होगी और इसका मकसद तनाव कम करना और किसी बड़े सैन्य टकराव से बचना है। इससे पहले, खाड़ी देशों के राजनयिक दबाव के बाद ट्रंप ने ईरान पर होने वाले "बड़े सैन्य हमले" को अचानक टाल दिया था।

ट्रंप बोले— 'मैं लोगों को मारना नहीं चाहता'

अपने विमान 'एयर फोर्स वन' में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "हम मध्यस्थों के जरिए ईरान के साथ बातचीत कर रहे हैं। यह सोमवार दोपहर से शुरू होगी और देखते हैं यह कहां तक जाती है। अगर समझौता होता है, तो इससे बहुत सी जानें बचेंगी और गैर-जरूरी ताकत का इस्तेमाल नहीं करना पड़ेगा। मैं लोगों को मारना नहीं चाहता क्योंकि युद्ध में काफी लोग मारे जाते हैं।"

सऊदी अरब और कतर की मध्यस्थता से टला हमला

ट्रंप ने खुलासा किया कि शुक्रवार को अमेरिका ईरान पर एक बड़ा हमला करने वाला था, लेकिन सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कतर और ईरान से जुड़े राजनयिक प्रयासों के कारण उन्होंने इस हमले को रोकने का फैसला किया। कतर के अधिकारियों ने अमेरिका, ईरान और ओमान से बात की और शनिवार को ट्रंप को सूचित किया कि ईरान समुद्री मार्ग से जुड़े प्रस्ताव पर सहमत हो गया है। सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने ट्रंप से फोन पर बात की और उनसे सैन्य कार्रवाई न करने की अपील की। इसके बाद ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' (Truth Social) पर जानकारी दी कि शिपिंग रूट और परमाणु मुद्दों पर प्रगति को देखते हुए उन्होंने हमले का फैसला टाल दिया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article