दुनिया

अमेरिका ने स्वीकारी वेनेजुएला पर की हमले की बात, ट्रंप बोले- राष्ट्रपति मादुरो को हिरासत में लिया

US Strikes in Venezuela: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिया गया है और देश से बाहर ले जाया गया है। साथ ही ट्रंप ने पुष्टि की कि अमेरिका ने वेनेजुएला के खिलाफ "बड़े पैमाने पर हमला" किया है।

Image

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो (फाइल फोटो साभार: AP)

Photo : AP

US Strikes in Venezuela: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि अमेरिका ने वेनेजुएला के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। बकौल ट्रंप, इस कार्रवाई के दौरान वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनकी पत्नी सहित को हिरासत में लिया गया और देश से बाहर ले जाया गया।

अमेरिका ने शुक्रवार देर रात को वेनेजुएला पर ‘‘बड़े पैमाने पर हमला’’ किया। अमेरिका ने कहा है कि देश के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया गया है और देश से बाहर ले जाया गया है। ट्रंप ने कहा कि मादुरो और उनकी पत्नी एक अमेरिकी युद्धपोत पर सवार हैं और उन्हें न्यूयॉर्क में मुकदमे का सामना करना होगा।

ट्रंप ने कहा, ‘‘कुछ अमेरिकी सैनिक घायल हुए लेकिन वे वापस आ गए हैं और उनकी हालत काफी ठीक बताई जा रही है।’’ उन्होंने कहा कि इस अभियान में अमेरिका का कोई भी विमान नष्ट नहीं हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘हमें ऐसा करना पड़ा क्योंकि यह एक युद्ध है।’’ उन्होंने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला के बारे में आगे की रणनीति पर निर्णय लेगा।

अमेरिकी हमलों से थर्राया वेनेजुएला

वेनेजुएला की राजधानी काराकस में कम ऊंचाई पर उड़ते कई विमानों और कम से कम सात विस्फोटों की आवाज सुनी गई। शुक्रवार देर रात स्थानीय समयानुसार करीब दो बजे हुई इस घटना को लेकर टिप्पणी करते हुए वेनेजुएला सरकार ने अमेरिका पर कई राज्यों में सैन्य तथा सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने का आरोप लगाया। इस बीच, अमेरिकी संघीय विमानन प्राधिकरण (FAA) ने 'जारी सैन्य गतिविधि' का हवाला देते हुए काराकस में विस्फोटों से पहले वेनेजुएला के एयरस्पेस में अमेरिकी वाणिज्यिक उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया।

सड़कों पर उतरें लोग, सरकार ने समर्थकों से की अपील

अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, एक कार्यालय में काम करने वाली 21 वर्षीय कारमेन हिडाल्गो ने कांपती आवाज में कहा, ''पूरी जमीन हिल गई। यह बहुत भयानक है। हमने विस्फोटों और विमानों की आवाज सुनी।'' सरकार ने एक बयान जारी कर अपने समर्थकों से सड़कों पर उतरने का आह्वान किया। बयान में कहा गया, ''लोग सड़कों पर उतरें! बोलिवेरियन सरकार देश की सभी सामाजिक और राजनीतिक ताकतों से आह्वान करती है कि वे लामबंदी योजनाओं को सक्रिय करें और इस साम्राज्यवादी हमले का विरोध करें।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article