Donald Trump China Visit: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को चीन दौरे के लिए रवाना हो गए, जहां उनकी मुलाकात चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग से होने वाली है। इस दौरे को दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक संबंधों के नजरिए से बहुत अहम माना जा रहा है। ट्रंप ने चीन रवाना होने से पहले ही संकेत दिया कि उनकी यात्रा का फोकस व्यापारिक मुद्दों पर होगा, हालांकि अन्य वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत हो सकती है।ट्रंप लगातार चीन पर दबाव बना रहे हैं कि वह ईरान पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करे, ताकि ईरान अमेरिका की शर्तें मानने के लिए तैयार हो और लंबे समय से जारी युद्ध को खत्म करने या कम से कम होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए कदम उठाए।
मंगलवार को बीजिंग रवाना होने से ठीक पहले ट्रंप ने ईरान को लेकर शी चिनपिंग के साथ मतभेदों और इस संघर्ष के वैश्विक तेल बाजारों पर पड़ रहे प्रभाव को कम करके आंकने की कोशिश की। ट्रंप ने शी चिनपिंग के साथ संघर्ष पर चर्चा करने के बारे में कहा, ‘‘हम इस पर लंबी बातचीत करेंगे। सच कहूं तो मुझे लगता है कि उनका रवैया अपेक्षाकृत अच्छा रहा है।’’
चीन यात्रा का सबसे बड़ा फोकस व्यापार - ट्रंप
ट्रंप ने कहा, ‘‘हमारे पास चर्चा करने के लिए बहुत से मुद्दे हैं। सच कहूं तो मैं यह नहीं कहूंगा कि ईरान उनमें से एक है, क्योंकि ईरान पर हमारा काफी हद तक नियंत्रण है।’’ उन्होंने कहा कि चीन की मेरी यात्रा किसी भी दूसरी चीज से अधिक व्यापार पर केंद्रित होगी, हम दुनिया के दो सबसे शक्तिशाली राष्ट्र हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच आखिरकार समझौता हो ही जाएगा।
ट्रंप के साथ चीनी दौरे पर कौन-कौन?
डोनाल्ड ट्रंप के चीन दौरे पर उनके साथ कई अमेरिकी नेता और कारोबारी हस्तियां भी शामिल हैं। इस दौरे पर विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीर, एरिक ट्रंप और लॉरा ट्रंप भी मौजूद हैं। वहीं अमेरिका की कई प्रमुख कंपनियों के CEO का एक बडा़ प्रतिनिधिमंडल भी ट्रंप के दौरे के दौरान बीजिंग में मौजूद होगा।
