दुनिया

'ईरान ने किया सीजफायर का मूर्खतापूर्ण उल्लंघन', होर्मुज में जहाजों पर ड्रोन अटैक के बाद ट्रंप का बड़ा आरोप

अमेरिका-ईरान में शांति वार्ता के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ने तेहरान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ट्रंप ने साफ कहा है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक मालवाहक जहाज पर ड्रोन अटैक कर सीजफायर का मूर्खतापूर्ण उल्लंघन किया है।

Image

ट्रंप ने ईरान पर लगाया सीजफायर उल्लंघन का आरोप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर होर्मुज जलडमरूमध्य में कई जहाजों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। ट्रंप ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ईरान ने कम से कम चार 'वन-वे अटैक ड्रोन'(आत्मघाती ड्रोन) से जहाजों पर अटैक किया, जिनमें से एक ड्रोन एक बड़े कार्गो जहाज के ऊपरी डेक से टकराया। उन्होंने इसे अमेरिका-ईरान युद्धविराम समझौते का 'मूर्खतापूर्ण उल्लंघन'करार दिया।

ट्रुथ सोशल पर जताई नाराजगी

ट्रंप की यह टिप्पणी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर आई। इसमें उन्होंने कहा कि ईरान के इस्लामिक गणराज्य ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे जहाजों पर कम से कम चार वन-वे अटैक ड्रोन दागे। इनमें से एक ड्रोन एक बड़े और बेहद महंगे कार्गो जहाज के ऊपरी डेक से सीधे टकराया। ट्रंप ने दावा किया कि इस दौरान अमेरिकी बलों ने बाकी तीन ड्रोन को मार गिराया।

ट्रंप ने कहा कि ईरानी ड्रोन अटैक में मालवाहक जहाज को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि वह उसने अपनी यात्रा जारी रखी।ट्रंप ने कहा कि जाहिर तौर पर यह हमारे सीजफायर समझौते का एक मूर्खतापूर्ण उल्लंघन है। हालांकि,ट्रंप ने अपने बयान में उस कार्गो जहाज की पहचान या हमले का सटीक समय नहीं बताया।

ओमान के तट के पास जहाज पर हमले की घटना

गौरतलब है कि ट्रंप के दावे से एक दिन पहले ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO ने जानकारी दी थी कि ओमान के तट से करीब 7.5 समुद्री मील (लगभग 14 किलोमीटर) दूर एक व्यापारी जहाज किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आ गया था। एजेंसी के अनुसार, इस हमले में जहाज के स्टारबोर्ड और ब्रिज को नुकसान पहुंचा,लेकिन घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप ने जिस जहाज का जिक्र किया है,वह वही पोत है या कोई अन्य।

सीजफायर के बावजूद जारी तनाव

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच हालिया संघर्ष को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए बातचीत जारी है। दोनों देश होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और ईरान के उच्च संवर्धित यूरेनियम के भविष्य जैसे संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।

बता दें कि इस महीने हुए अंतरिम समझौते के तहत दोनों देशों को 60 दिनों के भीतर स्थायी व्यवस्था पर सहमति बनाने का लक्ष्य दिया गया है। ऐसे में यदि ट्रंप का आरोप सही साबित होता है, तो यह युद्धविराम प्रक्रिया के लिए बड़ा झटका माना जा सकता है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article