दुनिया

साउंड वेव या एनर्जी वेपन: ‘डिसकंबोबुलेटर’ से कांपा काराकस! फेल हो गए मादुरो के रॉकेट, ट्रंप के दावे से हिली दुनिया

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी में अमेरिका के एक बेहद गोपनीय और शक्तिशाली हथियार की अहम भूमिका रही। ट्रंप ने इस हथियार को “डिस्कॉम्बोबुलेटर” नाम दिया है, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि यह दुश्मन के सैन्य सिस्टम को पूरी तरह निष्क्रिय कर देता है। ट्रंप के इस खुलासे के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मच गई है। अगर यह दावा सही साबित होता है, तो ‘डिसकंबोबुलेटर’ जैसे हथियार वैश्विक युद्ध तकनीक की दिशा ही बदल सकते हैं।

ट्रंप के दावे से दुनिया में हलचल।

ट्रंप के दावे से दुनिया में हलचल।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में वेनेजुएला में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के लिए चलाए गए ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिज़ॉल्व को लेकर एक सनसनीखेज खुलासा किया है। इस खुलासे के बाद पूरी दुनिया में हलचल मच गई है। ट्रंप ने दावा किया है कि वेनेजुएला के तानाशाह निकोलस मादुरो को पकड़ने के लिए की गई अमेरिकी कार्रवाई में एक बेहद गोपनीय और रहस्यमय हथियार की निर्णायक भूमिका रही। इस हथियार को ट्रंप ने 'डिसकंबोबुलेटर' नाम दिया है। उनका दावा है कि इसके इस्तेमाल से मादुरो की पूरी सुरक्षा व्यवस्था कुछ ही पलों में ध्वस्त हो गई।

क्या बोले ट्रंप

'द न्यूयॉर्क पोस्ट' ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि ओवल ऑफिस में एक विशेष इंटरव्यू में ट्रंप ने ये सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने कहा कि यह हथियार ऐसा था, जिसने दुश्मन के सिस्टम को पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया। हालांकि ट्रंप ने इस गुप्त हथियार के बारे में बहुत कुछ नहीं बताया। उन्होंने कहा कि “डिसकंबोबुलेटर। मुझे इसके बारे में बात करने की इजाजत नहीं है। मैं चाहूं तो बहुत कुछ बता सकता हूं, लेकिन नहीं बता सकता।” हालांकि इसके बावजूद ट्रंप ने इस बात की पुष्टि की कि गुप्त ऑपरेशन में इस हथियार का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने दावा किया कि मादुरो की सेना के पास रूसी और चीनी रॉकेट थे, लेकिन वे एक भी दाग नहीं पाए। ट्रंप ने कहा, 'वे पूरी तरह तैयार थे। उन्होंने बटन दबाए, लेकिन कुछ भी काम नहीं किया। एक भी रॉकेट लॉन्च नहीं हो सका।

बता दें कि ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिज़ॉल्व के तहत जब अमेरिकी हेलीकॉप्टर काराकस में दाखिल हुए, तब मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को संघीय ड्रग और हथियार तस्करी के मामलों में गिरफ्तार कर लिया गया। इस ऑपरेशन में एक भी अमेरिकी सैनिक की जान नहीं गई।

नाक से खून, उल्टी और जमीन पर गिर गए सुरक्षाकर्मी

इस रहस्यमय हथियार के असर को लेकर वेनेजुएला से आई जमीनी रिपोर्टें और भी चौंकाने वाली हैं। मादुरो की सुरक्षा टीम के एक सदस्य ने बताया कि अचानक उनके सभी रडार सिस्टम बिना किसी चेतावनी के बंद हो गए। उसने बताया कि हमने अचानक देखा कि बड़ी संख्या में ड्रोन हमारी पोजीशन के ऊपर उड़ रहे थे। हमें समझ नहीं आया कि क्या करें। इसके बाद करीब आठ हेलीकॉप्टर दिखाई दिए, जिनमें लगभग 20 अमेरिकी सैनिक थे। इसके बाद जो हुआ, वह और भी भयावह था। उन्होंने कुछ लॉन्च किया। वह किसी बेहद तेज साउंड वेव जैसा था। मुझे लगा मेरा सिर अंदर से फट रहा है। हम सबकी नाक से खून बहने लगा, कुछ लोग खून की उल्टी करने लगे। हम जमीन पर गिर पड़े और उठ तक नहीं सके।

‘हवाना सिंड्रोम’ से जुड़ रहा है हथियार

ट्रंप ने यह बयान उस समय दिया, जब उनसे उन रिपोर्टों के बारे में सवाल किया गया जिनमें कहा गया था कि बाइडन प्रशासन ने एक पल्स्ड एनर्जी हथियार खरीदा है, जिसे रहस्यमय ‘हवाना सिंड्रोम’ से जोड़ा जा रहा है। हालांकि ट्रंप ने सीधे तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की, लेकिन उनके बयान ने इन अटकलों को और हवा दे दी है।

ब्रुकलिन जेल में बंद हैं मादुरो

फिलहाल 63 वर्षीय निकोलस मादुरो फिलहाल ब्रुकलिन की एक संघीय जेल में बंद हैं। उन पर नार्को-टेररिज्म के गंभीर आरोपों में मुकदमा चलाया जाएगा। वहीं, वेनेजुएला की पूर्व उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज देश की अंतरिम नेता के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उनको लेकर भी ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी। ट्रंप ने कहा कि नई राष्ट्रपति के साथ हमारे बहुत अच्छे संबंध हैं। वह शानदार रही हैं।

दुनिया में हलचल

ट्रंप के इस खुलासे के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मच गई है। अगर यह दावा सही साबित होता है, तो ‘डिसकंबोबुलेटर’ जैसे हथियार वैश्विक युद्ध तकनीक की दिशा ही बदल सकते हैं। फिलहाल अमेरिका ने इस हथियार को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन ट्रंप के बयान ने इसे दुनिया की सबसे रहस्यमय सैन्य तकनीकों में शामिल कर दिया है।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article