दुनिया

अनिल अंबानी के बेटे पर HC का आदेश, इमिग्रेशन ब्यूरो 3 हफ्ते में बताएगा LOC है या नहीं

Anil Ambani Son Look Out Circular: दिल्ली हाईकोर्ट ने अनिल अंबानी के बेटे जय अंशुल अंबानी की याचिका पर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन को निर्देश दिया है। पढ़ें- पूरा मामला

Image

अनिल अंबानी के बेटे पर HC का आदेश, इमिग्रेशन ब्यूरो 3 हफ्ते में बताएगा LOC है या नहीं

Delhi HC Order Jai Anshul Ambani LOC: बिजनेसमैन अनिल अंबानी के बेटे जय अंशुल अंबानी की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को अहम निर्देश दिया। कोर्ट ने ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन को निर्देश दिया है कि वह अंशुल अंबानी को बताए कि उनके खिलाफ कोई लुकआउट सर्कुलर यानी LOC जारी है या नहीं और अगर जारी है तो क्या वह अभी भी लागू है।

जस्टिस मनोज जैन ने अधिकारियों को तीन हफ्ते के भीतर अंशुल अंबानी को इस संबंध में जरूरी जानकारी देने का निर्देश दिया है।

अंशुल अंबानी ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर पूछा था कि क्या उनके खिलाफ कोई LOC जारी किया गया है। याचिका में कहा गया था कि उन्हें कुछ समय बाद विदेश यात्रा करनी है और इसलिए वह यह स्पष्टता चाहते हैं कि उनके खिलाफ कोई LOC लंबित तो नहीं है।

केंद्र सरकार की ओर से पेश वकील ने क्या कहा?

केंद्र सरकार की ओर से पेश स्थायी वकील ने कहा कि संबंधित अधिकारियों की ओर से अंशुल अंबानी के अनुरोध पर विचार किया जाएगा और तय समय के भीतर उन्हें जानकारी दी जाएगी।

अंशुल अंबानी के वकील ने केंद्र सरकार के इस रुख पर कोई आपत्ति नहीं जताई। इसके बाद हाईकोर्ट ने याचिका का निपटारा करते हुए तीन हफ्ते के भीतर संबंधित जानकारी अंशुल अंबानी को देने का निर्देश दिया।

बता दें कि कुछ महीनों पहले CBI ने भी जय अनमोल अंबानी से पूछताछ शुरू की थी। सीबीआई ने 228 करोड़ रुपये के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया धोखाधड़ी मामले में उद्योगपति के बेटे जय अनमोल अंबानी से पूछताछ शुरू की थी। गत 9 दिसंबर, 2025 को एजेंसी ने जय अनमोल अनिल अंबानी और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसके बाद जय के आवास पर तलाशी ली गई थी। सीबीआई ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (तत्कालीन आंध्रा बैंक) की एक शिकायत पर कार्रवाई की थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कंपनी ने बैंक से लिए गए ऋण का भुगतान नहीं किया, जिससे खाता 2019 में एनपीए में बदल गया।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article