वेनेजुएला में बुधवार को आए दो विनाशकारी भूकंप के झटकों से तबाह उत्तरी शहरों में लोग अपने लापता प्रियजनों को मलबे में तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच, वहां भूकंप में मरने वाले की संख्या बढ़कर 589 हो गई है जबकि करीब 3,000 लोग घायल हुए हैं।
कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने मृतकों का आंकड़ा साझा किया। उन्होंने बताया कि देश में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 589 हो गई है। रोड्रिगेज ने कहा कि हम मलबे में फंसे हुए लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। हम इस काम में दिन-रात जुटे हुए हैं।
कार्यवाहक राष्ट्रपति ने कहा कि बुधवार शाम आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप से ला गुएरा राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। वहां सेना तैनात कर दी गई है और बचाव दल जीवित बचे लोगों की तलाश करने के साथ-साथ भोजन और पानी भी बांट रहे हैं। बता दें कि भूकंप के बाद हजारों लोग लापता हैं। वहीं जोर-शोर से बचाव कार्य जारी है, ऐसे में हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन ने वेनेजुएला में भूकंप से 67 लाख तक लोगों के प्रभावित होने की बात कही है। संगठन का दावा है कि प्रभावितों में से लगभग 20 लाख लोग अकेले राजधानी काराकस में प्रभावित होंगे। अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस की क्षेत्रीय निदेशक लॉयस पेस ने कहा कि यहां हालात ऐसे हैं कि लोग अपने घरों में वापस जाने से डर रहे हैं।
बता दें कि पहले ही राजनीतिक अस्थिरता के दौर से गुजर रहे वेनेजुएला के लिए यह आपदा बड़ी चुनौती लेकर आई है। तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका द्वारा सैन्य कार्रवाई कर अपने देश ले जाए जाने के बाद तत्कालीन उप राष्ट्रपति और अब कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने बुधवार देर रात देश के नाम अपने संबोधन में आपातकाल की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि सरकार क्षतिग्रस्त अस्पतालों और घरों के पुनर्निर्माण के लिए 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर का कोष बना रही है। उन्होंने बृहस्पतिवार को कारोबारियों से बचाव कार्यों के लिए भारी निर्माण उपकरण उपलब्ध कराने की अपील की।
भूकंप के तुरंत बाद संयुक्त राष्ट्र ने वेनेजुएला की सरकार से सोशल मीडिया पर लगी पाबंदियां हटाने की अपील की,ताकि लोगों को ऐसी जानकारी मिल सके जो उनकी जान बचा सकती है। इसके कुछ ही समय बाद,वेनेज़ुएला ने ’एक्स’ पर लगी रोक हटा दी जो अगस्त 2024 से प्रतिबंधित था।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय मदद वेनेजुएला पहुंच रही है। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय के प्रवक्ता जेन्स लार्के ने बताया कि दुनिया भर से 25 खोजी एवं बचाव टीम सहित करीब 1,000 आपात राहत कर्मी वेनेज़ुएला भेजे जा रहे हैं।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि उनका देश तत्काल लातिन अमेरिकी देश को मदद भेज रहा है। वेनेजुएला के सरकारी टेलीविजन ने स्पेन से आए बचाव कर्मियों का वीडियो प्रसारित किया, जो अपने साथ खोजी कुत्ते और कैमरे व ज़मीन के नीचे देखने वाले रडार जैसे उपकरण लेकर आए हैं।
जर्मनी, चिली और स्विट्ज़रलैंड की टीमें भी वेनेजुएला पहुंच गई हैं। चीन, कतर, ब्राज़ील, पुर्तगाल और कनाडा के नेताओं ने मदद भेजने का वादा किया है। अल साल्वाडोर और डोमिनिकन रिपब्लिक की बचाव टीम भी बृहस्पतिवार को वेनेजुएला पहुंची। मेक्सिको से भी बचावकर्मी राहत सामग्री लेकर इस लातिन अमेरिकी देश पहुंचे हैं।
