दुनिया

Iran Protest Updates: ईरान में हाहाकार, प्रदर्शनों पर हुई कार्रवाई में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2571 पहुंची

ईरान में इंटरनेट ठप्प होने के कारण विदेशों से प्रदर्शनों का आकलन करना और भी मुश्किल हो गया है। एसोसिएटेड प्रेस स्वतंत्र रूप से हताहतों की संख्या का आकलन करने में असमर्थ रहा है। ईरान सरकार ने हताहतों की कुल संख्या जारी नहीं की है।

Iran protest

ईरान में 2500 से अधिक की मौत

Photo : AP

Iran Protest Updates: कार्यकर्ताओं ने बुधवार सुबह बताया कि ईरान में प्रदर्शनों पर हुई कार्रवाई में मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 2,571 हो गई है। यह आंकड़ा अमेरिका स्थित मानवाधिकार कार्यकर्ता समाचार एजेंसी से आया है, जिसने हाल के वर्षों में ईरान में हुए कई अशांतियों के दौर में सटीक जानकारी दी है। कार्यकर्ता समूह ने बताया कि मृतकों में 2,403 प्रदर्शनकारी थे और 147 सरकार से जुड़े थे। 12 बच्चों की भी मौत हुई, साथ ही नौ ऐसे नागरिक भी मारे गए जो प्रदर्शनों में भाग नहीं ले रहे थे। समूह ने बताया कि 18,100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।

ईरान में इंटरनेट ठप्प

ईरान में इंटरनेट ठप्प होने के कारण विदेशों से प्रदर्शनों का आकलन करना और भी मुश्किल हो गया है। एसोसिएटेड प्रेस स्वतंत्र रूप से हताहतों की संख्या का आकलन करने में असमर्थ रहा है। ईरान सरकार ने हताहतों की कुल संख्या जारी नहीं की है। मौतों का यह आंकड़ा दशकों में ईरान में हुए किसी भी अन्य विरोध प्रदर्शन या अशांति में हुई मृत्यु संख्या से कहीं अधिक है और 1979 की इस्लामी क्रांति के दौरान फैली अराजकता की याद दिलाती है।

ईरान में स्टारलिंक प्रदान कर रहा है मुफ्त इंटरनेट सेवा

उपग्रह इंटरनेट सेवा प्रदाता स्टारलिंक अब ईरान में मुफ्त इंटरनेट सेवा प्रदान कर रहा है। अमेरिका के मानवाधिकार संगठन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को यह जानकारी दी। लॉस एंजिलिस में मौजूद एक कार्यकर्ता मेहदी याह्यानेजाद ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि मुफ्त इंटरनेट सेवा शुरू हो गई है। अन्य कार्यकर्ताओं ने भी ऑनलाइन संदेशों के माध्यम से पुष्टि की कि यह सेवा मुफ्त है। याह्यानेजाद ने एक बयान में कहा, हम पुष्टि कर सकते हैं कि स्टारलिंक की मुफ्त सेवा पूरी तरह से काम कर रही है। हमने ईरान के अंदर हाल में सक्रिय किए गए स्टारलिंक टर्मिनल का उपयोग करके इसका परीक्षण किया। बृहस्पतिवार रात को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन बढ़ने और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसक कार्रवाई शुरू होने के बाद से अधिकारियों ने इंटरनेट बंद कर दिया था जिसके बाद ईरानियों के लिए बाहरी दुनिया से संवाद करने का एकमात्र तरीका स्टारलिंक ही रहा है। हालांकि स्टारलिंक ने सेवाएं शुरु होने की पुष्टि नहीं की।

ट्रंप के दूत ने निर्वासित ईरानी राजकुमार से की मुलाकात

खबरों के मुताबिक, ट्रंप के दूत ने निर्वासित ईरानी राजकुमार से मुलाकात की है। खबरों के अनुसार, ईरान में शासन व्यवस्था को बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के बीचव्हाइट हाउस के दूत स्टीव विटकॉफ ने सप्ताहांत में निर्वासित ईरानी युवराज रजा पहलवी के साथ एक गुप्त बैठक की। इस कथित बैठक की खबर सबसे पहले एक्सियोस ने दी, जिसने एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी का हवाला देते हुए कहा कि यह बातचीत सप्ताहांत में हुई। शासन विरोधी प्रदर्शनों के 15 दिन पहले शुरू होने के बाद से ट्रंप प्रशासन और ईरानी विपक्ष के बीच यह पहली उच्च स्तरीय बैठक होगी। एक्सियोस ने बताया कि पहलवी शासन के पतन की स्थिति में खुद को अंतरिम नेता के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं।

ईरान सरकार से बात नहीं करेंगे ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विरोध प्रदर्शनों पर हो रही कार्रवाई के मद्देनजर ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत की संभावना को खारिज करते हुए ईरानी नागरिकों से कहा है कि मदद आ रही है। मंगलवार को ट्रंप ने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी कि मदद किस रूप में होगी, लेकिन यह घटना रिपब्लिकन राष्ट्रपति के उस बयान के कुछ ही दिनों बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान, वॉशिंगटन के साथ बातचीत करना चाहता है। यह बयान ईरान पर हमले की उनकी धमकी के बाद आया है, जहां मानवाधिकार संगठनों के अनुसार, देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या 2,000 से अधिक हो गई है। साथ ही ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने प्रदर्शनकारियों को फांसी दी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेकिन सोशल मीडिया पर अपने नवीनतम संदेश के साथ ट्रंप ने ईरानी सरकार के साथ बातचीत करने की अपनी इच्छा में अचानक बदलाव किया है। "ईरानी देशभक्तों, विरोध प्रदर्शन जारी रखें - अपनी संस्थाओं पर कब्जा करें!!!" ट्रंप ने सुबह ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, जिसे उन्होंने बाद में मिशिगन में एक ऑटो फैक्ट्री में भाषण के दौरान भी दोहराया। उन्होंने लिखा- हत्यारों और अत्याचारियों के नाम गुप्त रखें। उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। प्रदर्शनकारियों की इस निरर्थक हत्या के रुकने तक मैंने ईरानी अधिकारियों के साथ सभी बैठकें रद्द कर दी हैं। मदद आ रही है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article