कांगो के स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि सप्ताहांत में कांगो नदी पर दो नावें आपस में टकरा गईं, जिससे कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग लापता हो गए। प्रांत के आंतरिक मामलों के मंत्री क्रिस्पिन म्पुतु के अनुसार, रविवार शाम इक्वाटर प्रांत के न्गोम्बे-लुकोलेला इलाके के पास लकड़ी की मोटर वाली नावें आपस में टकरा गईं।
मंत्री म्पुतु ने कहा कि पहले भी रात में नाव चलाने की वजह से दुर्घटनाएं हुई हैं। मंत्री ने बताया कि दुर्घटना में मारे गए 30 लोगों को दफना दिया गया है। टक्कर की वजह तुरंत पता नहीं चल पाई।
पीड़ितों और बचे हुए लोगों को खोजने के लिए तलाशी अभियान जारी
म्पुतु ने बताया कि एक नाव उत्तर-पश्चिम में उबांग्गी से राजधानी किंशासा जा रही थी और दूसरी किंशासा से लुकोलेला जा रही थी, जो टक्कर वाली जगह के पास ही है। उन्होंने कहा कि और पीड़ितों और बचे हुए लोगों को खोजने के लिए तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा बलों के एक सदस्य ने, जिसने नदी के किनारे से दुर्घटना देखी थी उसने बताया कि 'उबांग्गी से लौट रही नाव पर सामान बहुत ज़्यादा लदा हुआ था और वह किंशासा से आ रही नाव से टकरा गई।'
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: Khandwa News: नर्मदा के बीच अचानक धधक उठी आग, नाव में सवार थे 6 यात्री; बाल-बाल बची जान
'नाव में सवार लगभग सभी यात्री पानी के नीचे फंस गए और नाव भी डूब गई'
उन्होंने कहा, 'नाव में सवार लगभग सभी यात्री पानी के नीचे फंस गए और नाव भी डूब गई।'मध्य अफ़्रीकी देश में नाव दुर्घटनाएं आम हैं, जहां अक्सर देर रात यात्रा करने और नावों में क्षमता से ज़्यादा लोगों के सवार होने को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाता है। देश के दूर-दराज इलाकों में सुरक्षा के खराब मानकों और बुनियादी ढांचे की कमी के कारण भी हाल के वर्षों में नाव दुर्घटनाओं में सैकड़ों लोगों की मौत हुई है। जुलाई में, राज्य की परीक्षाओं से लौट रहे छात्रों को ले जा रही लकड़ी की एक नाव मध्य क्षेत्र में डूब गई, जिससे कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। यह नाव कसायी प्रांत में यात्रा कर रही थी और संकुरु और कसायी नदियों के संगम में प्रवेश करते समय डूब गई।
