दुनिया

China Earthquake: चीन में कांपी धरती, किंघई में आया 5.9 तीव्रता का भूकंप

USGS की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के मध्य किंघई प्रांत में बुधवार सुबह 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र डुनहुआंग शहर से 269 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में एक पहाड़ी ग्रामीण इलाके में था।

Image

चीन में भूकंप के झटके (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

China Earthquake: चीन के मध्य हिस्से में स्थित किंघई प्रांत में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 दर्ज की गई है। शुरुआती जानकारी में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

10 किमी की गहराई में आया भूकंप

USGS के मुताबिक, भूकंप का केंद्र एक पर्वतीय और ग्रामीण इलाके में था। इसका केंद्र डुनहुआंग शहर से करीब 269 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था। भूकंप की गहराई जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है। चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र (CENC) के अनुसार, भूकंप के झटके बुधवार सुबह 5:36 बजे (स्थानीय समय ) महसूस किए गए। गौरतलब है कि कम गहराई पर आने वाले भूकंप के झटके आसपास के क्षेत्रों में अपेक्षाकृत ज्यादा महसूस किए जा सकते हैं।

चीन में आए शक्तिशाली भूकंप

चीन का इतिहास कई बड़े और विनाशकारी भूकंपों का गवाह रहा है। इनमें कुछ भूकंपों ने भयंकर तबाही मचाई और हजारों लोगों की जान चली गई। 12 मई 2008 को चीन के सिचुआन प्रांत में 7.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। जिसमें करीब 87 हजार लोग मारे गए और लापता हुए थे। भूकंप से बड़ी संख्या में बुनियादी ढांचे तबाह हो गए थे। इसके बाद 14 अप्रैल 2010 को किंघई के युशु क्षेत्र में करीब 7.1 तीव्रता का भूकंप आया। इस हादसे में 2,600 से अधिक लोगों की मौत हुई, जबकि हजारों लोग घायल हुए। वहीं, दिसंबर 2023 में चीन के गांसू और किंघई की सीमा के पास 6.2 तीव्रता का भूकंप आया था। इस भूकंप में 140 से अधिक लोगों की मौत हुई और बड़ी संख्या में मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article