दुनिया

बीजिंग में मिले शी जिनपिंग और तारिक रहमान, बांग्लादेश में 'बेल्ट एंड रोड' प्रोजेक्ट के विस्तार पर बनी सहमति

Xi Jinping Tarique Rahman Meeting: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और बांग्लादेश के नवनियुक्त प्रधानमंत्री तारिक रहमान के बीच बीजिंग में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान दोनों देशों ने 'बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव' के विस्तार और द्विपक्षीय संबंधों को एक नए स्तर पर ले जाने का फैसला किया।

Image

चीन और बांग्लादेश के रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार

Photo : ANI

Xi Jinping Tarique Rahman Meeting: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शुक्रवार को बीजिंग में बांग्लादेश के नवनियुक्त प्रधानमंत्री तारिक रहमान के साथ एक बेहद महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक के दौरान चीनी राष्ट्रपति ने ऐलान किया कि उनका देश बांग्लादेश (India China Relations) के साथ अपने महत्वाकांक्षी 'बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव' (BRI) प्रोजेक्ट के विस्तार के लिए पूरी तरह तैयार है।

यह मुलाकात इसलिए भी खास है क्योंकि बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के बाद इस साल फरवरी में हुए चुनावों के जरिए नई सरकार का गठन हुआ है और पीएम बनने के बाद तारिक रहमान की यह पहली चीन यात्रा है।

उभरते सेक्टर्स और हाई-टेक परियोजनाओं पर रहेगा जोर

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ' के मुताबिक, शी जिनपिंग ने बांग्लादेश की नई सरकार के सुचारू कामकाज और देश के विकास को अपना पूरा समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि चीन अब बांग्लादेश के साथ मिलकर 'हाई-क्वालिटी' यानी उच्च गुणवत्ता वाले बेल्ट एंड रोड सहयोग को आगे बढ़ाने का इच्छुक है।

दोनों नेताओं ने तय किया कि आने वाले समय में ग्रीन और लो-कार्बन डेवलपमेंट (पर्यावरण अनुकूल विकास), डिजिटल इकोनॉमी, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे नए और उभरते हुए क्षेत्रों में निवेश के अवसरों को बढ़ाया जाएगा।

'हर परिस्थिति में साथ निभाने' का वादा

चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारियां साझा करते हुए बताया कि दोनों देशों ने "नए युग में एक साझा भविष्य वाले चीन-बांग्लादेश समुदाय" के निर्माण का फैसला किया है। शी जिनपिंग ने साफ शब्दों में कहा, "दुनिया में चाहे जो भी बदलाव आएं, चीन हमेशा बांग्लादेश के साथ दोस्ती की अपनी नीति पर अडिग रहेगा।

हम बांग्लादेश के सबसे भरोसेमंद दोस्त, अच्छे पड़ोसी और मजबूत साझेदार बने रहेंगे।" इसके साथ ही चीन ने बांग्लादेश की संप्रभुता, राष्ट्रीय स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और किसी भी बाहरी देश के आंतरिक हस्तक्षेप का विरोध करने की बात कही। प्रधानमंत्री तारिक रहमान फिलहाल अपनी पहली विदेशी यात्रा के दूसरे पड़ाव के तहत चार दिवसीय बीजिंग दौरे पर हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article