दुनिया

कैलिफोर्निया की मेयर एलीन वांग पर निकली चीनी एजेंट, FBI ने दाखिल की चार्जशीट

संघीय अभियोजकों ने सोमवार को बताया कि वांग (58) और उस समय उनके मंगेतर रहे याओनिंग माइक सन पर चीन के सरकारी अधिकारियों के इशारे पर अमेरिका में चीन का प्रचार करने का आरोप है।

Image

एलिन वांग निकली जासूस

Eileen Wang- कैलिफोर्निया के अर्काडिया शहर की मेयर ने चीन के अवैध एजेंट के रूप में काम करने का जुर्म स्वीकार कर लिया है। अमेरिकी न्याय विभाग ने यह जानकारी दी। एलीन वांग ने अर्काडिया के मेयर पद से इस्तीफा दे दिया और उम्मीद है कि वह लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में भी अपना अपराध स्वीकार कर लेंगी। संघीय अभियोजकों ने सोमवार को बताया कि वांग (58) और उस समय उनके मंगेतर रहे याओनिंग माइक सन पर चीन के सरकारी अधिकारियों के इशारे पर अमेरिका में चीन का प्रचार करने का आरोप है।

मंगेतर रहा शख्स काट रहा जेल की सजा

सन (65) पिछले साल अक्टूबर में एक संघीय अदालत में अपना अपराध स्वीकार करने के बाद चार साल की जेल की सजा काट रहा है। एक संबंधित याचिका में वांग ने उन पर लगे आरोप अदालत में स्वीकार करने पर सहमति जताई है और इस अपराध के लिए उन्हें अधिकतम 10 साल की जेल की सजा हो सकती है। वांग नवंबर 2022 में अर्काडिया सिटी काउंसिल के लिए चुनी गई थीं, जो पांच सदस्यीय शासी निकाय है और इसमें महापौर का चयन बारी-बारी से होता है।

कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के फर्स्ट असिस्टेंट यूएस अटॉर्नी बिल एस्सेली ने कहा, हमारे देश में वे लोग जो गुपचुप तरीके से विदेशी सरकारों के इशारों पर काम करते हैं, वे हमारे लोकतंत्र को कमजोर करते हैं। एफबीआई के काउंटरइंटेलिजेंस और जासूसी प्रभाग के सहायक निदेशक रोमन रोजावस्की ने कहा, खुद एलीन वांग ने स्वीकार किया है कि वह गुप्त रूप से चीन सरकार के हितों के लिए काम कर रही थीं।

रोजावस्की ने कहा, इसे एक स्पष्ट चेतावनी के रूप में लिया जाए कि जो लोग विदेशी सरकारों की ओर से हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करेंगे, उनकी पहचान की जाएगी, उनकी जांच होगी और उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सहायक अटॉर्नी जनरल जॉन ए. आइजनबर्ग ने कहा, अमेरिका में सार्वजनिक पदों पर निर्वाचित व्यक्तियों को केवल उन अमेरिकी लोगों के हित में कार्य करना चाहिए, जिनका वे प्रतिनिधित्व करते हैं।

याचिका के अनुसार, 2020 के अंत से लेकर 2022 तक, वांग और सन ने चीन सरकार के अधिकारियों के निर्देश और नियंत्रण में काम किया, ताकि बीजिंग के हितों को आगे बढ़ाया जा सके, जिसमें अन्य बातों के साथ-साथ अमेरिका में चीन के समर्थन में प्रचार करना शामिल था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!