दुनिया

एलन मस्क की कंपनी SpaceX ने रचा इतिहास, अंतरिक्ष से लौटते स्टारशिप को पहली बार हवा में पकड़ा

स्पेसएक्स के स्टारशिप ने शनिवार को अंतरिक्ष से लौटकर पहली बार लॉन्च पैड पर लगे रोबोटिक हाथों की मदद से सफल लैंडिंग की। 407 फीट लंबे यान ने पृथ्वी के 14 चक्कर लगाए और 26 स्टारलिंक सैटेलाइट छोड़े।

Image

अंतरिक्ष से लौटे SpaceX के स्टारशिप को लॉन्च पैड पर रोबोटिक हाथों ने पकड़ा

Photo : ANI

अमेरिकी अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) ने अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी के विशालकाय रॉकेट स्टारशिप (Starship) ने अंतरिक्ष की कक्षा में चक्कर लगाने के बाद धरती पर सफल वापसी की और लॉन्च पैड पर लगी विशालकाय मशीनों ने उसे हवा में ही पकड़ लिया। शनिवार को हुई यह ऐतिहासिक घटना स्पेसएक्स के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। हालांकि, इस मिशन में कंपनी अपने दोनों लक्ष्यों को पूरा नहीं कर सकी, क्योंकि रॉकेट का पहला चरण यानी बूस्टर शुक्रवार को लॉन्च के बाद वापस लौटते समय विस्फोट का शिकार हो गया। इसके बावजूद स्टारशिप की सुरक्षित वापसी ने मिशन को बड़ी उपलब्धि में बदल दिया।

22 घंटे बाद लॉन्च पैड पर लौटा स्टारशिप

स्पेसएक्स का स्टारशिप शुक्रवार को अमेरिका के टेक्सास स्थित लॉन्च बेस से अंतरिक्ष के लिए रवाना हुआ था। करीब 22 घंटे बाद शनिवार को जब यह धरती पर वापस लौटा तो लॉन्च टावर पर लगी विशालकाय रोबोटिक बांहों ने इसे हवा में ही थाम लिया। अंतरिक्ष से लौट रहे किसी स्टारशिप को इस तरह पकड़ने की यह पहली सफल घटना है।

लैंडिंग के दौरान अंतरिक्ष यान धीरे-धीरे सीधा नीचे आया और लॉन्च टावर की विशालकाय बांहों के बीच सुरक्षित रूप से रुक गया। इस दौरान लाइव कैमरों में अंतरिक्ष यान को हवा में लटका हुआ दिखाया गया। स्पेसएक्स के कमेंटेटर डैन हूट ने इस नजारे पर उत्साह जताते हुए कहा, 'क्या आप इस पर विश्वास कर सकते हैं? देखिए, यह वापस आ गया है।'

कंपनी के प्रमुख एलन मस्क ने भी अपनी टीम को इस सफलता के लिए बधाई दी। स्पेसएक्स के मुताबिक, यह उपलब्धि स्टारशिप को पूरी तरह से दोबारा इस्तेमाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे भविष्य में अंतरिक्ष अभियानों की लागत कम करने और कम समय में बार-बार रॉकेट लॉन्च करने में मदद मिल सकती है।

बूस्टर को पकड़ने में नाकाम रही कंपनी

इस मिशन में स्पेसएक्स का लक्ष्य स्टारशिप के ऊपरी हिस्से और पहले चरण के बूस्टर दोनों को सुरक्षित वापस लाना था। हालांकि, बूस्टर की वापसी सफल नहीं रही। कंपनी के मुताबिक, धरती की ओर लौटते समय बूस्टर के इंजन ने समय से पहले काम करना बंद कर दिया। इसके बाद उसके गाइडेंस सिस्टम ने स्थिति का आकलन किया और बूस्टर को सुरक्षित तरीके से पकड़ने की कोशिश छोड़कर समुद्र की ओर मोड़ दिया। जिसके बाद उसमें विस्फोट हो गया। बूस्टर का मलबा मैक्सिको की खाड़ी में मिला है। स्पेसएक्स की इंजीनियरिंग टीम इस नाकामी के कारणों की जांच कर रही है। इससे पहले कंपनी तीन बार बूस्टर को सफलतापूर्वक पकड़ चुकी है।

स्टारशिप ने पृथ्वी के लगाए 14 चक्कर

स्पेसएक्स का 407 फीट यानी करीब 124 मीटर लंबा स्टारशिप दुनिया का सबसे बड़ा और शक्तिशाली रॉकेट है। इस मिशन के दौरान यह पृथ्वी से करीब 265 किलोमीटर की ऊंचाई पर अंतरिक्ष की कक्षा में पहुंचा। इसने पृथ्वी के 14 चक्कर लगाए और 26 उन्नत स्टारलिंक सैटेलाइट भी अंतरिक्ष में छोड़े। यह 2023 के बाद स्टारशिप की 15वीं पूर्ण आकार की उड़ान थी और दूसरी बार इसने पृथ्वी की कक्षा तक पहुंचने में सफलता हासिल की। कंपनी के अनुसार, अंतरिक्ष यान की हीट शील्ड समेत अन्य महत्वपूर्ण प्रणालियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।

NASA ने भी की सफलता की तारीफ

स्पेसएक्स की इस उपलब्धि का नासा ने भी स्वागत किया है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी आने वाले वर्षों में आर्टेमिस मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की सतह पर उतारने के लिए स्टारशिप का इस्तेमाल करने की योजना बना रही है। इसके लिए स्पेसएक्स को अरबों डॉलर का भुगतान किया जा रहा है।

नासा के प्रशासक जेरेड आइजैकमैन ने इस सफलता को लगभग जादुई बताते हुए कहा कि इससे हर दिन नए लोगों का अंतरिक्ष तकनीक पर विश्वास बढ़ रहा है। नासा की योजना 2028 तक आर्टेमिस-4 मिशन के जरिए इंसानों को एक बार फिर चंद्रमा पर उतारने की है। यह अपोलो मिशन के पांच दशक से अधिक समय बाद चंद्रमा पर मानव की वापसी होगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article