'भारत के साथ Trade Deal पक्की करने के लिए व्हाइट हाउस से लड़ रहा हूं'..: लीक ऑडियो में US सीनेटर का खुलासा!
- Edited by: रवि वैश्य
- Updated Jan 26, 2026, 06:26 PM IST
कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग में रिपब्लिकन सीनेटर टेड क्रूज अपने समर्थकों से कहते दिख रहे हैं कि वह भारत के साथ ट्रेड डील पक्की करने के लिए व्हाइट हाउस से 'लड़ रहे हैं'
रिपब्लिकन सीनेटर टेड क्रूज़ (फोटो: Facebook)
रिपब्लिकन सीनेटर टेड क्रूज़ (Republican senator Ted Cruz) ने भारत के साथ व्यापार समझौते का विरोध करने के लिए व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दोषी ठहराया है। अमेरिकी मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गई। एक्सियोस ने एक रिपब्लिकन सूत्र द्वारा उपलब्ध कराई गई उनकी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए बताया कि दानदाताओं के साथ निजी बैठकों के दौरान क्रूज ने उन्हें भारत के साथ व्यापार समझौते को स्वीकार करने के लिए व्हाइट हाउस से 'संघर्ष' के बारे में बताया।
रिपोर्ट के अनुसार, जब एक दाता ने पूछा कि प्रशासन में ऐसे समझौतों तक पहुंचने का विरोध कौन कर रहा है, तो क्रूज ने व्हाइट हाउस के आर्थिक सलाहकार पीटर नवारो, वेंस और 'कभी-कभी' ट्रंप का उल्लेख किया। यह जानकारी लगभग 10 मिनट की एक रिकॉर्डिंग के हवाले से दी गई है, जो 2025 की शुरुआत और साल के मध्य के दौरान की है।
पीटीआई ऑडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकती। टेक्सास के रिपब्लिकन सीनेटर, जो 2028 में व्हाइट हाउस के लिए चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं, ने यह भी चेतावनी दी कि ट्रंप के 'शुल्क' अर्थव्यवस्था को तबाह कर सकते हैं और उनके महाभियोग का कारण बन सकते हैं।
भारी शुल्क लगाने के बाद भारत-अमेरिका संबंधों में भारी गिरावट'
क्रूज ने कहा कि ट्रंप द्वारा अप्रैल 2025 की शुरुआत में टैरिफ लागू करने के बाद उन्होंने और कुछ अन्य सीनेटरों ने राष्ट्रपति से फोन पर बात की और उनसे इस फैसले को वापस लेने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि आधी रात के बाद तक चली लंबी बातचीत 'अच्छी नहीं रही' और ट्रंप 'चिल्ला रहे थे' और 'कोस रहे थे' राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत का भारी शुल्क लगाने के बाद भारत-अमेरिका संबंधों में भारी गिरावट आई, जिसमें रूसी तेल खरीद पर 25 प्रतिशत का दंडात्मक शुल्क भी शामिल है।
यह समझौता अभी तक अंतिम रूप नहीं ले सका है
पिछले साल दोनों पक्षों ने प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए कई दौर की बातचीत की। हालांकि, भारत के कृषि और डेरी क्षेत्रों को खोलने की वाशिंगटन की मांगों के कारण यह समझौता अभी तक अंतिम रूप नहीं ले सका है।
भाषा इनपुट