दुनिया

इजरायल को बड़ा नुकसान, जून में हुए युद्धविराम के बाद लेबनान में पहली बार 2 सैनिकों की मौत, 4 घायल

इजरायली सेना के अनुसार, हिज्बुल्लाह द्वारा युद्धविराम के नियमों का उल्लंघन किए जाने के जवाब में बुधवार को दक्षिणी लेबनान में कई ठिकानों पर हवाई और तोपखाने से हमले किए गए।

Image

लेबनान में IDF को बड़ा नुकसान

Israel-Hezbollah War: लेबनान में संघर्ष के दौरान इजरायल को बड़ा नुकसान हुआ है। लेबनान के दक्षिणी इलाके में भीषण सैन्य झड़प के दौरान इजरायल के दो सैनिकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इजरायली सेना (IDF) ने गुरुवार को इस घटना की आधिकारिक पुष्टि की। लेबनान के शिया उग्रवादी संगठन हिज्बुल्लाह के साथ जून में हुए युद्धविराम के बाद यह पहला मौका है जब इजरायली सेना को जानमाल का ऐसा नुकसान उठाना पड़ा है।

हिज्बुल्लाह पर युद्धविराम उल्लंघन का आरोप

इजरायली सेना के अनुसार, हिज्बुल्लाह द्वारा युद्धविराम के नियमों का उल्लंघन किए जाने के जवाब में बुधवार को दक्षिणी लेबनान में कई ठिकानों पर हवाई और तोपखाने से हमले किए गए। इसके साथ ही इजरायल ने मनसोरी गांव के निवासियों को तुरंत इलाका खाली करने की चेतावनी जारी की। बीते कई हफ्तों में इजरायल की ओर से लेबनानी नागरिकों के लिए जारी की गई यह पहली खाली करने की चेतावनी है।

रोम में शांति वार्ता के दौरान बढ़ा तनाव

यह ताजा सैन्य संघर्ष ऐसे समय में सामने आया है जब रोम में लेबनान और इजरायल के वार्ताकार 26 जून को हुए शांति समझौते के क्रियान्वयन पर चर्चा के लिए बैठक कर रहे हैं। इस समझौते के तहत इजरायल को दक्षिणी लेबनान के कब्जे वाले क्षेत्रों से अपनी सेना वापस बुलानी है और क्षेत्र का नियंत्रण लेबनानी सेना को सौंपना है, जिसके बदले में हिज्बुल्लाह अपने हथियारों को पूरी तरह से सरेंडर करेगा।

मार्च से शुरू हुआ था नया संघर्ष

इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच ताजा युद्ध की शुरुआत इस साल 2 मार्च को हुई थी, जब अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के दो दिन बाद हिज्बुल्लाह ने सीमा पार रॉकेट दागे थे।

अस्थिर युद्धविराम और जारी कब्जा

20 जून से इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच एक अस्थायी युद्धविराम लागू हुआ था, जो काफी हद तक कायम रहा। हालांकि, इसके बावजूद इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के बड़े हिस्सों पर अपना कब्जा बरकरार रखा है और समय-समय पर हवाई हमले तथा गोलाबारी जारी रखी है। ताजा घटनाक्रम पर हिज्बुल्लाह की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article