Bangladesh Hindus Under Attacked: बांग्लादेश के गाजीपुर में केले को लेकर हुए विवाद में एक हिंदू बिजनेसमैन को एक ही परिवार के तीन लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला। यह अभी तक कन्फर्म नहीं हुआ है कि गाजीपुर जिले के कालीगंज इलाके में शनिवार को हुई यह घटना बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हालिया हिंसा से जुड़ी है या नहीं। द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक लिटन चंद्र घोष, (55 साल उम्र) 'बैशाखी स्वीटमीट एंड होटल' के मालिक थे।
कालीगंज पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज जाकिर हुसैन के अनुसार, एक ही परिवार के तीन सदस्यों, स्वपन मियां (55 साल), उनकी पत्नी मजेदा खातून (45 साल) और उनके बेटे मासूम मियां (28) को हत्या में शामिल होने के शक में हिरासत में लिया गया है।
केले पर कैसे हुए बवाल
पुलिस ने बताया कि मासूम का केले का बागान है और उसमें से केले का एक गुच्छा गायब हो गया था। ढूंढते समय उसने केले लिटन के होटल में देखे और इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। पुलिस ने कहा, 'आरोपियों ने लिटन को मुक्के और लात मारे, जिससे वह जमीन पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।'
लिटन के परिवार ने बताया कि मासूम सुबह करीब 11:00 बजे होटल आया था। उस समय, एक छोटी सी बात पर उसकी होटल के एक कर्मचारी से बहस हो गई। बाद में, मासूम के माता-पिता भी मौके पर आए और झगड़ा शुरू हो गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।
आए दिन हो रही हिंदुओं की मौत
इससे पहले बांग्लादेश में एक कार चालक ने पेट्रोल पंप पर काम करने वाले एक हिंदू युवक को पेट्रोल की कीमत चुकाए बिना वहां से जाने की कोशिश करने से रोकने पर अपने वाहन से कुचल दिया। हालांकि, इस मामले में भी अबतक पुष्टि नहीं हो पाई है कि राजबाड़ी जिले में शुक्रवार को हुई घटना का बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाकर की गई हालिया हिंसा से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस अधिकारियों के हवाले से प्रकाशित खबर में कहा कि मृतक की पहचान रिपन साहा (30) के रूप में हुई है, जो गोलंदा मोड़ स्थित करीम पेट्रोल पंप पर काम करता था।
