दुनिया

पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच भारत से 45,000 टन डीजल इंपोर्ट करेगा बांग्लादेश; पाइपलाइन से जाएगा तेल!

बांग्लादेश ने भारत से अतिरिक्त 45,000 टन डीजल आयात करने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि बांग्लादेश अप्रैल तक भारत से अतिरिक्त डीजल आयात करेगा।

Image

भारत से अतिरिक्त डीजल इंपोर्ट करेगा बांग्लादेश (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच बांग्लादेश ने भारत से अतिरिक्त 45,000 टन डीजल आयात करने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि बांग्लादेश अप्रैल तक भारत से अतिरिक्त डीजल आयात करेगा।

बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (BPC) के जनरल मैनेजर (कमर्शियल और ऑपरेशंस) मो. मुर्शीद हुसैन आज़ाद ने समाचार एजेंसी एएनआई को फोन पर बताया कि हाल ही में भारत से बांग्लादेश में 5,000 टन डीजल पहुंचा है और हमें 18 या 19 मार्च के आस-पास भारत से बांग्लादेश में 5,000 टन और डीजल मिलेगा।

उन्होंने आगे कहा, "हमें भारत से अतिरिक्त 40,000 टन डीजल आयात करने का प्रस्ताव मिला है। एक बार जब प्रक्रियात्मक काम पूरा हो जाएगा तो यह 40,000 टन डीजल भी अप्रैल तक बांग्लादेश पहुंच जाएगा।"

कैसे बांग्लादेश भेजा जाता है डीजल?

भारत पहले मालगाड़ी के जरिए बांग्लादेश को डीजल भेजता था। ऐसे में मार्च 2023 में बांग्लादेश की तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-बांग्लादेश मैत्री पाइपलाइन का उद्धाघन किया और तब से पाइपलाइन के जरिए भारत से डीजल आयात किया जा रहा है।

इस पाइपलाइन के जरिए भारत की सरकारी कंपनी नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड से बांग्लादेश में पार्वतीपुर डिपो तक बांग्लादेश-भारत मैत्री पाइपलाइन के रास्ते नियमित रूप से डीजल आयात किया जाता है।

मोहम्मद युनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की पिछली अंतरिम सरकार ने इस पाइपलाइन के जरिए भारत से डीजल का आयात रोक दिया था। हालांकि, चुनाव बाद जब तारिक रहमान ने सत्ता संभाली तो पाइपलाइन के जरिए डीजल का आयात फिर से शुरू कर दिया। पिछले कुछ दिनों में बांग्लादेश ने पाइपलाइन के जरिए 5,000 टन डीजल इंपोर्ट करना शुरू कर दिया।

पेट्रोल पंप में उमड़ रही भारी भीड़

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते पेट्रोल पंप और ईंधन स्टेशनों पर ईंधन लेने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही थी। इस घबराहट में खरीदारी को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने सीमित बिक्री प्रक्रिया लागू कर दिया था। हालांकि, सरकार ने इस प्रतिबंध को हटा दिया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article