दुनिया

बांग्लादेश में कब होगा नई सरकार का गठन? राष्ट्रपति बंगभवन में होगा शपथ ग्रहण समारोह; सामने आया बड़ा अपडेट

Bangladesh New Government Formation: बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन द्वारा अगले चार दिनों के भीतर बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के नये मंत्रिमंडल को शपथ दिलाये जाने की संभावना है। कैबिनेट सचिव शेख अब्दुर राशिद ने कहा कि संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति बंगभवन में शपथ दिलाएंगे।

Image

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष तारिक रहमान

Photo : AP

Bangladesh New Government Formation: बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन द्वारा अगले चार दिनों के भीतर बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के नये मंत्रिमंडल को शपथ दिलाये जाने की संभावना है। रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने गुरुवार को हुए ऐतिहासिक संसदीय चुनावों में दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ शानदार जीत हासिल की। बीएनपी नेता अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद युनुस की जगह प्रधानमंत्री बनने वाले हैं।

कब होगा शपथ ग्रहण समारोह?

कैबिनेट सचिव शेख अब्दुर राशिद ने शपथ ग्रहण समारोह की कोई विशिष्ट तिथि बताए बिना कहा, ''संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति बंगभवन (राष्ट्रपति भवन) में शपथ दिलाएंगे।'' बीएनपी के एक वरिष्ठ नेता ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि शपथ ग्रहण समारोह 16 या 17 फरवरी को होने की उम्मीद है। संविधान के अनुसार मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह के बाद नये संसद सदस्यों का शपथ ग्रहण होना अनिवार्य है, जबकि रहमान के एक प्रमुख सहयोगी ने कहा कि मौजूदा कानूनी परिदृश्य ने इस मुद्दे को थोड़ा जटिल बना दिया है।

उन्होंने कहा, "पिछली संसद की अध्यक्ष को सांसदों को पद की शपथ दिलानी थी, लेकिन उन्होंने इस्तीफा दे दिया है और एक अज्ञात स्थान पर रह रही हैं। उपाध्यक्ष जेल में हैं।" उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में, राष्ट्रपति सांसदों को शपथ दिलाने के कार्यक्रम का संचालन करने के लिए किसी व्यक्ति को चुन सकते हैं, क्योंकि संविधान में ऐसी स्थिति के लिए प्रावधान रखा गया है।

इस बीच, कैबिनेट सचिव ने कहा कि संविधान के अनुसार, निर्वाचित सांसदों को राजपत्र अधिसूचना जारी होने के तीन दिन के भीतर शपथ लेनी होगी और उसके बाद बहुमत वाली पार्टी अपने संसदीय नेता का चुनाव करेगी। राजपत्र अधिसूचना शनिवार सुबह जारी की गई थी। मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण की संभावित तिथि के बारे में पूछे जाने पर राशिद ने कहा कि अभी तक कोई तिथि तय नहीं की गई है।

किसे कितनी सीटें मिलेंगी?

उन्होंने कहा, ''अगर हमें निर्देश या संकेत मिलता है कि यह किसी निश्चित तिथि और समय पर आयोजित किया जाएगा, तो हम उसी के अनुसार काम करेंगे। भले ही यह कल हो, हमें कल की तैयारी करनी होगी। सूचना मिलते ही हम आपको तिथि बता पाएंगे।'' कानून मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि क्योंकि राजपत्र अधिसूचना शनिवार को जारी की गई थी, इसलिए शपथ ग्रहण के लिए तीन दिन की अवधि 15 फरवरी से 17 फरवरी तक मानी जा सकती है।

निर्वाचन आयोग (EC) के अनुसार, बीएनपी ने 297 में से 209 सीट जीतीं, जबकि दक्षिणपंथी जमात-ए-इस्लामी को 68 सीट पर जीत मिलीं। शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article