दुनिया

थाईलैंड से रूस जा रहे विमान में तकनीकी खराबी; बीच हवा हलक में आई 246 लोगों की सांस, चीन में कराई गई आपात लैंडिंग

तकनीकी खराबी के बाद अजूर एयर की फ्लाइट की चीन के उत्तर-पश्चिमी गांसू प्रांत की राजधानी लान्झू में आपात लैंडिंग कराई गई। फिलहाल विमान में सवार सभी 246 लोग सुरक्षित हैं। यह जानकारी लान्झू झोंगछुआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने दी।

Flight

विमान की इमरजेंसी लैंडिंग (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

थाईलैंड से रूस जा रही अजूर एयर की फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण हड़कंप मच गया। आनन-फानन में फ्लाइट की चीन के उत्तर-पश्चिमी गांसू प्रांत की राजधानी लानझोउ में आपात लैंड़िग कराई गई। लान्झू झोंगछुआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रशासन ने इस बारे में विस्तार से जानकारी दी। हवाई अड्डा प्रशासन ने बताया कि विमान में सवार 246 यात्री सुरक्षित हैं।

हवाई अड्डा प्रशासन के मुताबिक, ZF2998 फ्लाइट थाईलैंड के फुकेट से रूस के बारनाउल जा रही थी, तभी विमान में तकनीकी समस्या आने के बाद डिस्ट्रेस सिग्नल जारी किया गया। इसके बाद विमान को वैकल्पिक रूप से लान्झू एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया। यहां विमान करीब आधे घंटे तक होल्डिंग पोजीशन में उड़ान भरताी रहा। इसके बाद विमान ने शाम 4:51 बजे लान्झू झोंगछुआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में 239 यात्री और 7 क्रू मेंबर सवार थे। किसी को भी चोट नहीं आई है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

इंजन में आई थी खराबी

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह आपात स्थिति विमान के दाहिने इंजन में आई खराबी के कारण उत्पन्न हुई। विमान बोइंग 757-200 मॉडल का था। तकनीकी समस्या सामने आते ही पायलट ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तुरंत डिस्ट्रेस कॉल जारी की। लानझोउ एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि आपात लैंडिंग के बाद सभी आवश्यक समन्वय और सुरक्षा उपाय किए गए। यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया और एयरलाइन के साथ आगे की व्यवस्था को लेकर समन्वय किया जा रहा है।

विमानन कंपनी ने भी जारी किया बयान

विमानन कंपनी ने भी बाद में बयान जारी कर इस बारे में जानकारी दी। बयान में कहा गया कि विमान की लान्झू एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग की गई। हालात पर नजर बनी हुई है फिलहाल चीजें नियंत्रण में हैं।

इससे पहले अक्टूबर 2025 में चीन के हांझोऊ से सियोल जा रही एयर चाइना की एक फ्लाइट को तकनीकी आपात स्थिति के चलते शंघाई में मजबूरन उतारना पड़ा था। उड़ान के दौरान विमान के केबिन के भीतर रखी एक लिथियम बैटरी में आग लग गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई थी।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article