दुनिया

भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत, कोलंबिया ने वापस लिया PAK के प्रति संवेदना जताने वाला बयान, थरूर ने जताई थी 'निराशा'

सर्वदलीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करने वाले कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कोलंबिया के संवेदना वाले बयान पर 'निराशा' जाहिर की थी। सात मई को भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का जवाब देते हुए पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकवादी ठिकानों, उनके मुख्यालय एवं लॉन्च पैड्स को निशाना बनाया।

Image

कोलंबिया की उप विदेश मंत्री के साथ कांग्रेस नेता शशि थरूर।

Shashi Tharoor : 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान के प्रति संवेदना जताने वाले बयान को कोलंबिया ने वापस ले लिया है। यह भारत की एक बड़ी कूटनीतिक जीत है। दरअसल, सर्वदलीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करने वाले कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कोलंबिया के संवेदना वाले बयान पर 'निराशा' जाहिर की थी। सात मई को भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का जवाब देते हुए पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकवादी ठिकानों, उनके मुख्यालय एवं लॉन्च पैड्स को निशाना बनाया। भारत की इस जवाबी कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए जिसके बाद कोलंबिया ने पाकिस्तान के प्रति संवेदना जताई थी।

थरूर ने कोलंबिया की संवेदना पर निराशा जताई थी

बोगोटा में गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस सांसद ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान में हुई मौतों पर कोलंबिया ने अपनी शोक संवेदना जताई थी इसे देखकर भारत को निराशा हुई क्योंकि उसने पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के बजाय पाकिस्तान के प्रति संवेदना जताई थी। कोलंबिया भी भारत की तरह आतंकवाद से पीड़ित रहा है।' बीते 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की जान गई।

उप विदेश मंत्री ने बयान वापस लिया

समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में थरूर ने कहा कि 'कोलंबिया की उप विदेश मंत्री रोजा योलांडा ने बहुत ही गरिमामय तरीके से इस बात का जिक्र किया कि हमारी ओर से चिंता जाहिर करने के बाद पाकिस्तान के प्रति संवेदना जताने वाले बयान को कोलंबिया ने वापस ले लिया है। इस पूरे मामले पर कोलंबिया अब हमारे रुख को पूरी तरह से समझता है। यह वास्तव में बहुत महत्व रखता है।'

shashi

shashi

पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर भारत के हमलों के बाद कोलंबिया ने जानमाल के नुकसान पर संवेदना व्यक्त की थी। इसका हवाला देते हुए थरूर ने कहा, 'हम अपने कोलंबियाई मित्रों से कहना चाहेंगे कि जो आतंकवाद फैलाते हैं और जो उसका प्रतिरोध करते हैं, उनके बीच कोई समानता नहीं हो सकती। जो हमला करते हैं और जो रक्षा करते हैं, उनके बीच कोई तुलना नहीं हो सकती। हम केवल आत्मरक्षा के अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, और यदि इस पर कोई गलतफहमी है, तो हम उसे दूर करने के लिए तैयार हैं।'

tharoor

tharoor

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि 'हम कोलंबिया से इस मुद्दे पर विस्तार से बातचीत करने को बहुत इच्छुक हैं। हमारे पास, जैसा कि मैंने कहा, बहुत ठोस सबूत हैं। वास्तव में, जब यह आतंकी हमला हुआ, तो उसे ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ नामक संगठन ने तुरंत जिम्मेदारी के साथ स्वीकार किया, जो कि पाकिस्तान के मुरीदके स्थित लश्कर-ए-तैयबा का एक इकाई है। जैसे कोलंबिया ने कई आतंकी हमलों का सामना किया है, वैसे ही भारत ने भी किया है। हम पिछले लगभग चार दशकों से बड़ी संख्या में हमलों को झेलते आ रहे हैं।'

थरूर ने कहा, 'हमें कोलंबियाई सरकार की प्रतिक्रिया से थोड़ी निराशा हुई, जिसने भारतीय हमलों के बाद पाकिस्तान में हुई जनहानि पर गहरी संवेदना व्यक्त की, बजाय इसके कि वह आतंकवाद के पीड़ितों के प्रति सहानुभूति जताती।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article