UK की तीसरी महिला PM Liz Truss: हार से है सख्त नफरत, मात पर बचपन में गेम छोड़ जाती थीं भाग, ऐसा रहा है सफर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 5, 2022, 06:56 PM IST

Who is Liz Truss: लिज ट्रस ने ऋषि सुनक के 60,399 मतों की तुलना में 81,326 मत या 57 प्रतिशत से अधिक जीते।

UK की तीसरी महिला PM Liz Truss: हार से है सख्त नफरत, मात पर बचपन में गेम छोड़ जाती थीं भाग, ऐसा रहा है सफर
Photo Credit: AP

Who is Liz Truss: ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस कंजरवेटिव पार्टी की नेता चुनी गईं हैं। सोमवार (पांच सितंबर, 2022) को उन्होंने भारतवंशी पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक को इस रेस में हराया और प्रधानमंत्री की गद्दी के लिए अपना रास्ता साफ कर लिया। वह मंगलवार (छह सितंबर, 2022) को पीएम पद की शपथ लेंगी। 

सुनक को हराने के बाद भले ही उनके चेहरे पर मुस्कान और आत्मविश्वास नजर आया हो, पर कम ही लोग जानते हैं कि उन्हें हार से सख्त नफरत है। इतनी अधिक कि बचपन में जब खेल होते थे तो हारने पर वह गेम छोड़कर वहां से भाग जाया करती थीं। साथ ही आज से लगभग 40 साल पहले वह जब सात बरस की थीं तब उन्होंने पूर्व पीएम का किरदार निभाया था। आइए जानते हैं ट्रस से जुड़ी रोचक, अनकही और ऐसी बातें, जो शायद ही आपको मालूम हों:

 Liz Truss, Conservative Party, UK

ट्रस फिलहाल 47 साल की हैं और कंजरवेटिव पार्टी से नाता रखती हैं। ऑक्सफोर्ड में जन्मीं लिस का घर लंदन और नॉरफॉक में है। उनके पिता मैथ्स के प्रोफेसर थे, जबकि मां नर्स-टीचर थीं। लिज चार संतानों (बाकी तीन भाई) में सबसे बड़ी हैं। उन्होंने राउंडहे स्कूल लीड्स, ऑक्सफोर्ड विवि से पढ़ाई-लिखाई की है, जबकि परिवार में पति हग ओ लैरी के अलावा दो पुत्रियां हैं। 

साउथ वेस्ट नॉरफॉक क्षेत्र से ताल्लुक रखने वालीं लिज छह बार मंत्री पद संभाल चुकी हैं और तीन प्रधानमंत्रियों के साथ ब्रिटेन में काम कर चुकी हैं। 11 महीनों से वह फॉरेन मिनिस्टर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

 Liz Truss, Conservative Party, UK

सात साल की उम्र में स्कूल के नाटक में वह ब्रिटेन की आयरन लेडी कही जाने वाली पूर्व पीएम मार्गरेट थैचर के किरदार को निभाते नजर आई थीं। लिज के भाई ने एक साक्षात्कार में बताया था कि बहन को हारना नहीं पसंद है। पुराने किस्से का जिक्र करते हुए उन्होंने तब बताया था- हम लोग छोटे थे। वह हार के डर से बीच-बीच में भाग जाया करती थीं। वैसे, इन चीजों के साथ उन्होंने समय के साथ निपटा और खुद में बदलाव किया।

वह मार्गरेट थैचर और टेरीजा मे के बाद ब्रिटेन की तीसरी महिला प्रधानमंत्री होंगी। ट्रस को विजेता घोषित करने के साथ कंजरवेटिव पार्टी में नेतृत्व पद के लिए मुकाबले को लेकर कई सप्ताह से जारी अभियान खत्म हो गया। वह बोरिस जॉनसन की जगह लेंगी। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों (खासकर सुनक) की प्रशंसा करते हुए कहा कि अभियान 'कठिन' था और इसने पार्टी में 'प्रतिभा की गहराई' को दिखाया।

Liz Truss, UK, World News

किसे कितने मिले वोट?
लिज ट्रसः 81,326 मत 
ऋषि सुनकः 60,399 मत 
वोटिंगः 82.6 प्रतिशत हुई


End of Article