PAK सेना के लापता चॉपर का मलबा बलूचिस्तान में मिला, छह सैन्य अफसरों की मौत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 2, 2022, 05:00 PM IST

Pakistani Chopper Crash: बताया गया कि पाकिस्तानी सेना का चॉपर जिस जगह क्रैश हुआ था, वहां जीप नहीं जा सकती थी और तलाश अभियान भी जटिल था।

PAK सेना के लापता चॉपर का मलबा बलूचिस्तान में मिला, छह सैन्य अफसरों की मौत
Photo Credit: Twitter

पाकिस्तानी सेना के लापता चॉपर का मलबा बलूचिस्तान में मिला है। बताया गया कि हादसे में छह सैन्य अफसरों की मौत हो गई। मुल्क के सैन्य बलों के प्रवक्ता मेजर जनरल बाबर इफ्तिखार की ओर से जानकारी दी गई कि चॉपर का मलबा लासबेला के विंडार में मूसा गोथ में पाया गया। लेफ्टिनेंट जनरल सरफराज अली सहित सभी छह अफसर और सैनिक शहीद हो गए। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह हादसा खराब मौसम के कारण हुआ।

समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट में इससे पहले बताया गया था कि यह हेलीकॉप्टर बलूचिस्तान में बाढ़ राहत अभियान में तैनात था। पाक सेना के इस हेलीकॉप्टर का हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) से संपर्क टूट गया था, जिसके कारण उसके दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई गई थी। चॉपर में 12 कोर के एक टॉप कमांडर समेत सेना के छह सीनियर अफसर थे।

बाढ़ राहत कार्यों में तैनात चॉपर का टूट गया था संपर्क
पाक के सशस्त्र बलों की मीडिया यूनिट ‘इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ के डीजी मेजर जनरल बाबर इफ्तिखार ने इस बाबत सोमवार को ट्वीट किया था, ‘‘बलूचिस्तान के लासबेला में बाढ़ राहत कार्यों में तैनात पाकिस्तान के सैन्य विमानन के एक हेलीकॉप्टर का एटीसी से संपर्क टूट गया। बलूचिस्तान में बाढ़ राहत कार्यों की निगरानी कर रहे 12 कोर के कमांडर समेत छह लोग उसमें सवार थे। तलाश अभियान अभी जारी है।’’

पहाड़ी इलाके में सस्सी पन्नू नाम की जगह के पास हुआ था दुर्घटनाग्रस्त
सेना ने शुरुआत में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि नहीं की थी। वैसे, उसने केवल इतना बताया कि हेलीकॉप्टर लापता हो गया। इस बीच, एक पुलिस सूत्र ने बताया कि हेलीकॉप्टर लासबेला के एक पहाड़ी क्षेत्र में सस्सी पन्नू नामक स्थान के पास स्पष्ट रूप से दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हेलीकॉप्टर में कमांडर 12 कोर लेफ्टिनेंट जनरल सरफराज अली, पायलट मेजर सैयद, सह-पायलट मेजर तलहा, तटरक्षक बल के महानिदेशक ब्रिगेडियर अमजद, इंजीनियर ब्रिगेडियर खालिद और चीफ नाइक मुदस्सिर सवार थे।

बलूचिस्तान में बाढ़ में 147 लोगों की मौत
उप महानिरीक्षक खुजदार परवेज इमरानी ने स्वीकार किया था कि जिस क्षेत्र में हेलीकॉप्टर कथित तौर पर लापता हुआ, वह पहाड़ी इलाका था। वहां जीप नहीं जा सकती और तलाश अभियान जटिल रहा। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष इमरान खान ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की। बलूचिस्तान में आई बाढ़ में 147 लोगों की मौत हो गई है। (एजेंसी इनपुट्स के साथ)  

End of Article